न US आया बात करने न ईरान, इंतजार में ठप हुआ पाकिस्तान; बैंक तक बंद
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने गुरुवार को अमेरिकी उप राजदूत नताली बेकर से मुलाकात की और इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर के आयोजन के लिए राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की थी। हालांकि, दूसरे दौर की बातचीत कब होगी, यह साफ नहीं है।

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को भी यातायात ठप रहा, क्योंकि अधिकारी शांति वार्ता के लिए अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेताओं के संभावित दौरे का इंतजार कर रहे हैं। प्रमुख मुद्दों पर मतभेदों के कारण वार्ता रुकी हुई है। वहीं, अब तक स्पष्ट भी नहीं हो सका है कि बातचीत का दूसरा दौर कब तक शुरू होगा। हालांकि, अमेरिका ने सीजफायर का ऐलान कर दिया है।
ट्रैफिक रुका
इस्लामाबाद और रावलपिंडी के प्रशासन ने रविवार को अति विशिष्ट लोगों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सभी प्रमुख सड़कों और बाजारों को बंद कर दिया था, क्योंकि संकेत मिल रहे थे कि बातचीत किसी भी दिन शुरू हो सकती है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
कब खुलेंगे रास्ते, पता नहीं
हालांकि, सप्ताह समाप्त होने के बावजूद नेताओं के आगमन का कोई कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। अनिश्चितता के कारण, जिला प्रशासन ने अभी तक नूर खान एयरबेस के आसपास के क्षेत्रों को फिर से खोलने और मेट्रो बस, इलेक्ट्रिक बस सेवाओं और माल परिवहन को फिर से शुरू करने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है।
बैंक तक बंद
पुराने हवाई अड्डे के आसपास की सड़कें, संपर्क मार्ग, बाजार और बैंक पिछले पांच दिनों से लगातार बंद हैं, जिसके कारण शाह फैसल कॉलोनी, खालिद कॉलोनी, गुलजार-ए-कायद, फजल टाउन और अन्य क्षेत्रों के निवासी अपने घरों में ही हैं।
रावलपिंडी और इस्लामाबाद के बीच मेट्रो बस सेवा और सात मार्गों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें निलंबित हैं जबकि माल परिवहन 19 अप्रैल से रुका हुआ है, जिससे जनता को असुविधा हो रही है। रेड जोन अब भी बंद है, और इस क्षेत्र में स्थित कार्यालयों के कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।
वार्ता शुरू होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पाकिस्तानी अधिकारी राजनयिक प्रयास जारी रखे हुए हैं और दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने की उम्मीद बनाए हुए हैं।
कोशिशें जारी
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने गुरुवार को अमेरिकी उप राजदूत नताली बेकर से मुलाकात की और इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर के आयोजन के लिए राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। यह बैठक ईरान और अमेरिका को, संभावित रूप से सप्ताहांत तक बातचीत की मेज पर लाने के उद्देश्य से तेज किए गए राजनयिक प्रयासों के बीच हुई है।
नकवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से युद्धविराम बढ़ाने की पहल का स्वागत करते हुए इसे 'सकारात्मक कदम' बताया। उन्होंने कहा कि इससे तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। मंत्री ने कहा, 'हम ईरान की ओर से भी सकारात्मक प्रगति की उम्मीद करते हैं।' नकवी और बेकर ने पश्चिम एशिया संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए कूटनीतिक माध्यम को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस सप्ताह दोनों के बीच यह दूसरी बैठक वार्ता को लेकर अनिश्चितता के बीच हुई। प्रस्तावित वार्ता के लिए इस्लामाबाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सोमवार को, नकवी ने बेकर और पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोघदम के साथ अलग-अलग बैठकें कीं, जिनमें इस्लामाबाद वार्ता के दूसरे दौर की तैयारियों पर चर्चा की गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन