Iran News Live: अमेरिका-ईरान युद्ध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा बयान, बिगड़ते हालातों पर जताई चिंता Iran America war live updates iran Israel war middle East news uae abu dhabi tehran khamenei killed - international news
More
Hindi NewsविदेशIran News Live: अमेरिका-ईरान युद्ध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा बयान, बिगड़ते हालातों पर जताई चिंता

Iran News Live: अमेरिका-ईरान युद्ध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा बयान, बिगड़ते हालातों पर जताई चिंता

Iran News Live: ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल और खाड़ी अरब देशों में अमेरिकी ठिकानों पर कई मिसाइलें दागी हैं। मिडिल ईस्ट के कई देश जंग की जद में आ चुके हैं।

Iran News Live: अमेरिका-ईरान युद्ध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा बयान, बिगड़ते हालातों पर जताई चिंता

Iran News Live

Jagriti Kumari| लाइव हिन्दुस्तान | Mon, 02 Mar 2026 03:03 PM
हमें फॉलो करें

Iran News Live: ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमले के बाद पूरा मिडिल ईस्ट युद्ध की जद में आ चुका है। सोमवार को भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ठिकानों को निशाना बनाया है और युद्ध के और भयावह होने का खतरा बना हुआ है। एक तरफ ईरान ने इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमले में अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या का बदला लेने का संकल्प लिया है तो वहीं दूसरी तरफ अमेरिका ने अपने B-2 बॉम्बर्स उतार दिए हैं।

ईरान ने जवाबी कार्रवाई के तहत अमेरिका के खाड़ी देशों मे मौजूद ठिकानों और इजरायल को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। इजरायल में, मिसाइल हमलों या उन्हें रोके जाने के कारण हुए जोरदार धमाकों की आवाजें तेल अवीव में सुनने को मिलीं। वहीं इजराइल की बचाव सेवाओं ने बताया कि मध्य शहर बेत शेमेश में एक यहूदी प्रार्थना स्थल पर हुए हमले में आठ लोग मारे गए और 28 घायल हो गए, जिससे देश में मरने वालों की कुल संख्या 10 हो गई है। कतर, कुवैत जैसे शहरों में भी धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं।

ईरान पर बमबारी जारी

वहीं अमेरिका और इजराइल ने भी रविवार को भी बमबारी जारी रखी। ईरान की राजधानी तेहरान में हुए धमाकों से आसमान में धुएं का विशाल गुबार उठता दिखा, खासकर उस इलाके में जहां सरकारी इमारतें स्थित हैं। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अयातुल्ला अली खामेनेई और अन्य वरिष्ठ नेताओं की हत्या करने वाले अमेरिकी और इजराइली हमलों की शुरुआत से अब तक 200 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। इस बीच ईरानी स्कूल पर हुए हमले में मौत का आंकड़ा 180 तक पहुंच गया है।

पीएम मोदी ने नेतन्याहू से की फोन पर बात

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात कर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की है और हालिया घटनाक्रम को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत कराया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार रात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बात की थी। पीएम ने खाड़ी देश पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है।

ईरान की जवाबी कार्रवाई से आग बबूला हुए ट्रंप, बोले-हथियार नहीं डाला तो मृत्यु तय

UAE शेख के बाद PM मोदी ने नेतन्याहू को मिलाया फोन, क्या हुई बात; भारत में बड़ी बैठक

अमेरिका के इन हथियारों ने ईरान में मचाया हाहाकार; देखें पूरी लिस्ट

2 Mar 2026, 02:59:21 PM IST

Iran News Live in Hindi: भारत सभी विवादों के समाधान के लिए कूटनीति का समर्थन करता है: PM मोदी

Iran News Live in Hindi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा है कि भारत सभी विवादों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री ने कनाडा के साथ कुछ अहम समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर के बाद अपने वक्तव्य में यह बात कही। उन्होंने कहा, "पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत सभी विवादों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है।" पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर काम करता रहेगा।

2 Mar 2026, 02:37:12 PM IST

Iran News Live in Hindi: ईरान ने अरामको पर किया हमला, ड्रोन हमले के बाद किया गया बंद

Iran News Live in Hindi: सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने अपनी रास तनुरा रिफाइनरी को एक ड्रोन हमले के बाद बंद कर दिया है।

2 Mar 2026, 02:28:28 PM IST

Iran News Live in Hindi: अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान में 500 से ज्यादा की मौत

Iran News Live in Hindi: ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी का हवाला देते हुए, ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया है कि अमेरिकी-इजरायली सैन्य हमलों के शुरू होने के बाद से पूरे ईरान में कम से कम 555 लोग मारे गए हैं। इससे पहले पहले दिन मरने वालों की संख्या 200 से ज्यादा बताई गई थी। हालांकि अब तीसरे दिन भी युद्ध जारी है और मृतकों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है।

2 Mar 2026, 02:21:12 PM IST

Iran News Live in Hindi: कुवैत में अमेरिकी प्लेन क्रैश होने का दावा

Iran News Live in Hindi: कुवैत के डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा है कि सोमवार सुबह कुवैत में कई अमेरिकन वॉरप्लेन क्रैश हो गए। एक अधिकारी ने बयान जारी कर कहा, "आज सुबह कई अमेरिकी लड़ाकू विमान क्रैश हो गए। पुष्टि हुई है कि सभी क्रू मेंबर बच गए हैं।" अधिकारी ने कहा है कि वजह की जांच की जा रही है।

2 Mar 2026, 01:46:03 PM IST

Iran News Live in Hindi: ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी का बयान; ईरान के खिलाफ रक्षात्मक कार्रवाई को तैयार

Iran News Live in Hindi: ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष के बीच कहा है कि वे ईरान के खिलाफ 'आवश्यक और आनुपातिक रक्षात्मक कार्रवाई' के लिए तैयार हैं। तीनों देशों की ओर से रविवार को जारी संयुक्त बयान में कहा गया, "हम क्षेत्र में अपने और अपने सहयोगियों के हितों की रक्षा के लिए कदम उठाएंगे, जिसमें आवश्यक और आनुपातिक रक्षात्मक कार्रवाई सक्षम करना शामिल हो सकता है, ताकि ईरान की मिसाइल और ड्रोन दागने की क्षमता को उनके स्रोत पर नष्ट किया जा सके।” बयान में कहा गया कि इस मुद्दे पर तीनों देश अमेरिका और क्षेत्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेंगे।

2 Mar 2026, 01:21:17 PM IST

Iran News Live in Hindi: कुवैत में अमेरिकी दूतावास ने जारी की चेतावनी

Iran News Live in Hindi: अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट और कुवैत में एम्बेसी की तरफ से जारी ताजा चेतावनी के मुताबिक, खाड़ी देश में अमेरीकी दूतावासों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों का खतरा बना हुआ है। इस बयान में कहा गया है, “कुवैत पर मिसाइल और UAV हमलों का खतरा बना हुआ है। दूतावास ना आएं। अपने घर में सबसे नीचे वाले फ्लोर पर और खिड़कियों से दूर रहें। बाहर ना जाएं। कुवैत में अमेरिकी दूतावास, अमेरिकी नागरिकों से अपील करती है कि वे सुरक्षित जगह पर रहें, हमले की हालत में सुरक्षा योजना देखें और भविष्य में और भी हमलों के लिए अलर्ट रहें।”

2 Mar 2026, 01:01:16 PM IST

Iran News Live in Hindi: खाड़ी देशों में अब तक पांच की मौत

Iran News Live in Hindi: ईरानी हमलों के बीच बहरीन में अधिकारियों ने पुष्टि की है कि देश में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इससे शनिवार से खाड़ी देशों में मरने वालों की कुल संख्या पांच हो गई है।

2 Mar 2026, 12:52:45 PM IST

Iran News Live in Hindi: दुबई और अबू धाबी में फिर धमाके

Iran News Live in Hindi: ईरान ने कथित तौर पर दुबई और अबू धाबी में एक बार फिर हमले किए हैं। AFP ने स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि अबू धाबी, दुबई, दोहा, मनामा और कुवैत सिटी में धमाके सुने गए हैं और ईरान ने सोमवार को भी बमबारी जारी रखी है। अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों के जवाब में कार्रवाई का यह तीसरा दिन था, जिसमें कई खाड़ी शहरों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई है।

2 Mar 2026, 12:42:44 PM IST

Iran News Live in Hindi: दूतावासों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

Iran News Live in Hindi: गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश में राज्यों से अपने अधिकार क्षेत्र में स्थित अमेरिका और इजरायल के वाणिज्य दूतावासों, दूतावासों और अन्य राजनयिक कार्यालयों के साथ-साथ दोनों देशों से जुड़ी अन्य संस्थाओं की सुरक्षा बढ़ाने को भी कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और शांति और सद्भाव बनाए रखा जा सके। इससे पहले अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर आक्रोश और शोक जताने के लिए रविवार को भारत के विभिन्न हिस्सों में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए थे।

2 Mar 2026, 12:35:22 PM IST

Iran News Live in Hindi: युद्ध को लेकर गृह मंत्रालय ने जारी किया अलर्ट

Iran News Live in Hindi: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच भारत ने अलर्ट जारी किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों से कहा है कि वे ईरान समर्थक कट्टरपंथी उपदेशकों के भड़काऊ बयानों पर नजर रखें, जो ईरान पर इजराइल-अमेरिका के हमले के बाद हिंसा का कारण बन सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, 28 फरवरी को सभी राज्यों को भेजे गए पत्र में मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चरमपंथियों तथा वैश्विक आतंकवादी समूहों के सोशल मीडिया खातों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा है।

2 Mar 2026, 11:54:20 AM IST

Iran News Live in Hindi: हिजबुल्लाह के हमलों के बाद इजरायल ने लेबनान पर बोला धावा; 31 लोगों की मौत, 149 घायल

Iran News Live in Hindi: हिजबुल्लाह के रॉकेट हमलों का जवाब देने के लिए इजरायल ने लेबनान को दहला दिया है। लेबनान के अधिकारियों ने सोमवार को कहा है कि लेबनान पर इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 31 लोग मारे गए हैं। इन हमलों में लगभग 149 लोग घायल भी हुए हैं। इससे पहले ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान समर्थित हिजबुल्लाह समूह ने हाइफ़ा की ओर ड्रोन और रॉकेट हमला करने के किया था।

2 Mar 2026, 11:42:45 AM IST

Iran News Live in Hindi: कुवैत में अमेरिकी एम्बेसी के पास धमाका

Iran News Live in Hindi: ईरान की जवाबी कार्रवाई के बीच कुवैत में अमेरिकी एम्बेसी के पास से धुआं उठता देखा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इलाके में फायर फाइटर्स और एम्बुलेंस भी देखी गई हैं।

2 Mar 2026, 11:30:53 AM IST

Iran News Live in Hindi: होर्मुज बंद होने से मच सकती है तबाही: अधिकारी

Iran News Live in Hindi: ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक प्रमुख भारतीय-अमेरिकी समुद्री अधिकारी ने होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति मार्ग पर पड़ने वाले प्रभाव और वैश्विक तेल कीमतों पर इसके असर को लेकर चिंता व्यक्त की है। समुद्री क्षेत्र की कंपनी सेफसी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एस.वी. अंचन ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''भू-राजनीतिक स्थिति में किसी भी तरह की उथल-पुथल से समुद्री आपूर्ति उद्योग सबसे ज्यादा प्रभावित होता है। होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद नहीं होने दिया जाना चाहिए।''

उन्होंने क्षेत्र में पोत के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। अंचन ने कहा कि क्षेत्र में भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के मद्देनजर सोमवार को तेल की कीमतों में वृद्धि होने के आसार है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय तक तेल की उच्च कीमतें अर्थव्यवस्था के लिए खराब होंगी। उन्होंने कहा, ''यह अमेरिका समेत वैश्विक स्तर पर किसी के भी हित में नहीं है।''

बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य ओमान और ईरान के बीच स्थित है और यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया में तेल आपूर्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण संकरे मार्गों में से एक है।

2 Mar 2026, 11:16:44 AM IST

Iran News Live in Hindi: UAE पर 165 मिसाइलों और 541 ड्रोंस से हमला

Iran News Live in Hindi: संयुक्त अरब अमीरात ने कहा है कि ईरान ने अब तक 165 मिसाइलों से UAE को निशाना बनाया है। रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार (28 फरवरी) से ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात की ओर कुल 165 बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च की हैं। कथित तौर पर इनमें से 152 को नष्ट कर दिया गया, जबकि 13 समुद्र में गिर गईं। अधिकारियों ने दो क्रूज मिसाइलों का भी पता लगाया है और दोनों को इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया गया।

इस दौरान 541 ईरानी ड्रोन का भी पता चला है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एयर डिफेंस सिस्टम ने 506 ड्रोन को इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया, जबकि 35 UAE के इलाके में पहुंच गए, जिससे कथित तौर पर काफी नुकसान हुआ।

2 Mar 2026, 11:05:20 AM IST

Iran News Live in Hindi: इजरायल में गूंजीं सायरन की आवाजें

Iran News Live in Hindi: ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद सेंट्रल और दक्षिणी इजरायल में सायरन की आवाजें सुनी गई हैं। जानकारी के मुताबिक ईरान की ओर से यह आठ घंटे से ज्यादा समय में किया गया पहला हमला है।

2 Mar 2026, 10:50:25 AM IST

Iran News Live in Hindi: कश्मीर में लगभग 15 लाख शिया आबादी

Iran News Live in Hindi: कश्मीर में लगभग 15 लाख शिया आबादी है। खामेनेई के मौत के खिलाफ लाल चौक, सैदा कदल, बडगाम, बांदीपोरा, अनंतनाग और पुलवामा में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन देखे गए। प्रदर्शनकारियों को छाती पीटकर मातम मनाते और अमेरिका व इजराइल विरोधी नारे लगाते देखा गया। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर पाबंदियां लगाई गई हैं।

2 Mar 2026, 10:38:50 AM IST

Iran News Live in Hindi: खामेनेई की मौत के विरोध में प्रदर्शन के बाद कश्मीर के कई हिस्सों में लगा प्रतिबंध

Iran News Live in Hindi: कश्मीर में सोमवार को अधिकारियों ने उन इलाकों में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिए जहां ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि लाल चौक स्थित घंटाघर को चारों ओर अवरोधक लगाकर बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को जुटने से रोकने के लिए पूरे शहर में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। ये पाबंदियां मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक द्वारा एक दिवसीय बंद के आह्वान की पृष्ठभूमि में आई हैं।

2 Mar 2026, 10:03:24 AM IST

Iran News Live in Hindi: अब नहीं होगी कोई बातचीत, खामनेई की मौत के बाद डोनाल्ड ट्रंप को ईरान का जवाब

Iran News Live in Hindi: सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत से बौखलाए ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप को सीधा संदेश भेज दिया है। ईरान के सिक्योरिटी चीफ अली लारीजानी ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तेहरान अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं करेगा। यह बयान उस रिपोर्ट के जवाब में था जिसमें कहा गया था कि ईरान अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है।

2 Mar 2026, 09:38:02 AM IST

Iran News Live in Hindi: मैंने खामेनेई को पहले पकड़ा- डोनाल्ड ट्रंप

Iran News Live in Hindi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अगर वे ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई को नहीं पकड़ते तो खामेनेई उनकी हत्या करवा देते। 2024 में ईरान से जुड़ी उनकी हत्या की साजिश का जिक्र करते हुए ट्रंप ने ABC न्यूज़ से कहा, "मैंने उन्हें पहले पकड़ लिया। उन्होंने दो बार कोशिश की। खैर, मैंने उन्हें पहले पकड़ लिया।"

2 Mar 2026, 09:20:45 AM IST

Iran News Live in Hindi: कतर में ईरानी हमले के बाद ड्रोन का मलबा गिरने के केरल का एक शख्स घायल

Iran News Live in Hindi: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच एक भारतीय घायल हो गया जी। जानकारी के मुताबिक कतर की वायु रक्षा प्रणाली द्वारा रोके गए ड्रोन का मलबा गिरने केरल निवासी एक व्यक्ति घायल हो गया। यह ड्रोन ईरान द्वारा किए गए हमले के तहत लॉन्च किया गया था। घायल की पहचान त्रिशूर जिले के वेंगिडांग पनिकवेत्तिल निवासी हिशाम (48) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि जब ड्रोन को बीच हवा में मार गिराया गया, तब वह अपने एक सहकर्मी के साथ बाहर था। नष्ट हुए ड्रोन के टुकड़े उन्हें लगे, जिससे उनके हाथ-पैर में चोटें आईं। उन्हें तुरंत दोहा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उनकी आपातकालीन सर्जरी हुई। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि वे चिकित्सा देखभाल में हैं और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

2 Mar 2026, 09:13:18 AM IST

Iran News Live in Hindi: पीएम मोदी ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग, मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीयों की मदद का दिया निर्देश

Iran News Live in Hindi: मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालातों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को एक हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की। पीएम ने कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए वॉर जोन में फंसे भारतीयों की मदद का निर्देश दिया है। यह बैठक ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों और उसके बाद से बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बाद बुलाई गई थी। सरकार ने एक बयान जारी कर बताया कि प्रधानमंत्री ने पूरे इलाके में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। वहीं कमेटी ने सभी संबंधित विभागों को प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद के लिए जरूरी और मुमकिन कदम उठाने का निर्देश दिया। हालांकि अधिकारियों ने संकेत दिया कि कई देशों में एयरस्पेस बंद होने और अस्थिर सुरक्षा माहौल को देखते हुए नई भारत फिलहाल लोगों को निकालने पर विचार नहीं कर रहा है।

2 Mar 2026, 09:04:18 AM IST

Iran News Live in Hindi: इराकी शिया मिलिशिया ने बगदाद में अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमले का दावा किया

Iran News Live in Hindi: इराक की एक शिया मिलिशिया ने सोमवार को दावा किया है कि उसने राजधानी बगदाद के हवाई अड्डे पर तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया। यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद की जा रही जवाबी कार्रवाई के दायरे को और बढ़ाता दिखाई देता है। 'सराया अवलिया अल-दम' नामक यह समूह उन शिया मिलिशिया संगठनों में से एक है जो 2003 में अमेरिका के नेतृत्व में हुए आक्रमण के बाद इराक में सक्रिय हुए थे। उस आक्रमण में इराक के तत्कालीन राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन की सरकार गिरा दी गई थी। इस दावे पर अमेरिका और इराक की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

2 Mar 2026, 08:51:14 AM IST

Iran America War Live Updates: PM मोदी ने नेतन्याहू से की बात

Iran America War Live Updates: इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात कर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और हालिया घटनाक्रम को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत कराया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार रात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बात की थी। पीएम ने खाड़ी देश पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है।

2 Mar 2026, 08:32:32 AM IST

Iran America War Live Updates: हिजबुल्लाह के हमले के बाद इजरायल ने लेबनान को दहलाया

Iran America War Live Updates: ईरान और अमेरिका के बीच जारी जंग के बीच इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के हमलों के बाद लेबनान को दहलाया है। दक्षिणी लेबनान के 53 गांवों और कस्बों के लोगों से जगह खाली करने को कहा गया है। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में भीषण हमले और रेड शुरू कर दिए हैं। इससे पहले हिजबुल्लाह ने हाइफा की ओर रॉकेट और ड्रोन से हमला किया था।

2 Mar 2026, 08:20:18 AM IST

Iran America War Live Updates: जॉर्डन ने मार गिराए ईरानी ड्रोन, कतर में भी धमाके

Iran America War Live Updates: ईरान की जवाबी कार्रवाई की आग पूरे क्षेत्र में फैलती जा रही है। जॉर्डन ने कहा है कि उसने रविवार को 49 ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया है। इसके अलावा कतर में भी धमाकों की खबर मिली है।

2 Mar 2026, 08:03:30 AM IST

Iran America War Live Updates: एयर इंडिया की फ्लाइट्स डायवर्ट

Iran America War Live Updates: मिडिल ईस्ट में मिसाइलों की बौछारों के बीच खतरों को देखते हुए एयर इंडिया अपनी उड़ानें पश्चिम एशिया में उपलब्ध हवाई क्षेत्रों में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर संचालित करेगी। वहीं सोमवार को यूरोप के विभिन्न शहरों के लिए कई उड़ानें रद्द भी कर दी गई हैं। विमानन कंपनी ने रविवार को 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं।

एयर इंडिया ने कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, इजराइल और कतर आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनट तक (भारतीय समानुसार) निलंबित रहेंगी। विमानन कंपनी ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अमृतसर-बर्मिंघम (एआई 117) और बर्मिंघम-दिल्ली (एआई 114) समेत छह उड़ानें सोमवार को रद्द रहेंगी। इसके अलावा, दिल्ली और ज्यूरिख के बीच एआई 151 और एआई 152 उड़ानें, साथ ही दिल्ली और कोपेनहेगन के बीच एआई 157 और एआई 158 उड़ानें भी सोमवार को रद्द रहेंगी। उत्तरी अमेरिका और यूरोप के लिए अन्य सभी उड़ानें पश्चिम एशिया में उपलब्ध हवाई क्षेत्रों के ऊपर वैकल्पिक मार्गों से निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगी, जिससे उड़ान समय बढ़ने की संभावना है।

2 Mar 2026, 07:55:57 AM IST

Iran America War Live Updates: खाड़ी देशों पर ईरानी हमलों में 50 से ज्यादा घायल

Iran America War Live Updates: खामेनेई की मौत से बौखलाए ईरान ने कई खाड़ी देशों पर आक्रमण किया है। खलीज टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने अमरीकी और इजरायली सेना के बड़े हमलों का जवाब देते हुए संयुक्त अरब अमीरात और कई पड़ोसी देशों पर हमला किया है, जिसमें कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई ह और 58 लोग घायल हो गए हैं।

तनाव बढ़ने के बाद UAE ने शनिवार को अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। वहीं UAE ने रविवार को तेहरान में अपनी एम्बेसी भ बंद कर दी है और अपने डिप्लोमैट्स को वापस बुला लिया है।

2 Mar 2026, 07:45:31 AM IST

Iran America War Live Updates: कुवैत ने मार गिराए ईरानी ड्रोन

Iran America War Live Updates: युद्ध की आंच मिडिल ईस्ट में फैलती ही जा रही है। कुवैती सेना ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस ने देश के कुछ हिस्सों में आज सुबह कई दुश्मन हवाई टारगेट का सामना किया और उन्हें मार गिराया। बता दें कि ईरान ने कुवैत में स्थित US नेवल बेस को निशाना बनाया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया कि जवाबी हमलों के तहत, ईरान ने अमेरिकी नेवल बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया।

2 Mar 2026, 07:32:56 AM IST

Iran America War Live Updates: हिजबुल्लाह ने भी कर दिया इजरायल पर हमला

Iran America War Live Updates: खामेनेई की मौत का बदला लेने के लिए हिजबुल्लाह ने बिजराइल पर हमला कर दिया है, जिसके बाद इजरायल ने लेबनान की राजधानी पर मिसाइलें दागी हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।