Ilhan Omar wrapped in hijab marry brother Donald Trump attack Muslim Congresswoman हमेशा हिजाब में लिपटी रहती है, भाई से ही कर ली शादी; मुस्लिम सांसद पर फूटा ट्रंप का गुस्सा, International Hindi News - Hindustan
More

हमेशा हिजाब में लिपटी रहती है, भाई से ही कर ली शादी; मुस्लिम सांसद पर फूटा ट्रंप का गुस्सा

राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए देश के नागरिकों को थैंक्सगिविंग डे शुभकामनाएं दीं, लेकिन इस पोस्ट में उन्होंने आव्रजन नीतियों और कुछ खास व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए।

Fri, 28 Nov 2025 12:30 PMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, वाशिंगटन
share
हमेशा हिजाब में लिपटी रहती है, भाई से ही कर ली शादी; मुस्लिम सांसद पर फूटा ट्रंप का गुस्सा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर डेमोक्रेटिक पार्टी की विवादास्पद मुस्लिम सांसद इल्हान उमर पर हमला बोला है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया साइट ट्रूथ सोशल पर एक लंबा पोस्ट लिखकर उमर को 'अवैध प्रवासी' करार दिया और पुराने तथा बार-बार खारिज किए गए आरोप को दोहराया कि उन्होंने अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के लिए अपने भाई से शादी की थी। ट्रंप ने कहा कि यह महिला हमेशा अपने हिजाब में लिपटी रहती है।

क्या है ताजा मामला?

राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए देश के नागरिकों को थैंक्सगिविंग डे शुभकामनाएं दीं, लेकिन इस पोस्ट में उन्होंने आव्रजन नीतियों और कुछ खास व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए। इस पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका में विदेशी मूल के 5.3 करोड़ लोग रहते हैं, जिनमें से ज्यादातर कल्याणकारी योजनाओं पर निर्भर हैं और इनमें अपराधी, गैंगस्टर, मानसिक रोगी या ड्रग तस्कर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग अमेरिकी करदाताओं के पैसे पर जी रहे हैं, जिससे देश की सामाजिक व्यवस्था चरमरा रही है।

इल्हान उमर पर निशाना

ट्रंप ने मिनेसोटा की डेमोक्रेटिक सांसद और सोमाली मूल की अमेरिकी नागरिक इल्हान उमर को विशेष रूप से निशाना बनाया। उन्होंने उमर के लिए विवादास्पद टिप्पणियां करते हुए कहा कि वह हमेशा अपने हिजाब में लिपटी रहती है और शायद उसने अपने भाई से शादी की, जो अमेरिका में गैरकानूनी है।

ट्रंप ने लिखा, “शरणार्थियों का बोझ अमेरिका में सामाजिक अव्यवस्था का मुख्य कारण बन चुका है - ऐसी समस्याएं जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद मौजूद नहीं थीं। उदाहरण के लिए, सोमालिया से आए लाखों शरणार्थियों ने कभी महान रहे मिनेसोटा राज्य पर पूरा कब्जा जमा लिया है। सोमाली गिरोह सड़कों पर घूम रहे हैं और शिकार तलाश रहे हैं, जबकि हमारे अच्छे लोग अपने अपार्टमेंट और घरों में बंद होकर यह उम्मीद कर रहे हैं कि शायद उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए। मिनेसोटा के बहुत ज्यादा बेवकूफ गवर्नर, टिम वाल्ज डर, नाकाबिलियत या दोनों की वजह से कुछ नहीं करते। हमारे देश की सबसे खराब “कांग्रेसमैन/वुमन” इल्हान उमर हमेशा अपने हिजाब में लिपटी रहती हैं। वह शायद U.S.A. में गैर-कानूनी तरीके से आई थी, क्योंकि यहां आपको अपने भाई से शादी करने की इजाजत नहीं है। वह हमारे देश, इसके संविधान और उसके साथ कितना बुरा बर्ताव होता है, इस बारे में नफरत भरी शिकायत करने के अलावा कुछ नहीं करतीं, जबकि उसकी जन्मभूमि एक बिगड़ा हुआ, पिछड़ा और क्राइम से भरा देश है, जो असल में सरकार, मिलिट्री, पुलिस, स्कूल वगैरह की कमी की वजह से देश भी नहीं है।”

विवाद की शुरुआत: चार्ली कर्क हत्या पर उमर के बयान ने मचाया बवाल

बता दें कि इससे पहले कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क की हत्या के बाद इल्हान उमर ने एक इंटरव्यू में कर्क को 'घृणित व्यक्ति' कहा था। उमर ने कहा कि कर्क जैसे दक्षिणपंथी नेता हिंसा भड़काते हैं और उनकी हत्या पर डेमोक्रेट्स को दोष देने की रिपब्लिकन कोशिशें 'पूर्ण बकवास' हैं। इस बयान पर रिपब्लिकन सांसद नैंसी मैस ने हाउस में एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें उमर को शिक्षा एवं कार्यबल समिति और बजट समिति से हटाने की मांग की गई। प्रस्ताव 214-213 से गिर गया, लेकिन इसने ट्रंप को भड़का दिया।

ट्रंप ने 18 सितंबर को ट्रूथ सोशल पर पोस्ट किया- इल्हान उमर का देश सोमालिया, जहां केंद्र सरकार के नियंत्रण की कमी है, लगातार गरीबी, भूख, उभरते आतंकवाद, समुद्री डकैती, दशकों के गृह युद्ध, भ्रष्टाचार और व्यापक हिंसा से जूझ रहा है। 70% आबादी अत्यधिक गरीबी में जी रही है, और खाद्य असुरक्षा व्यापक है। सोमालिया लगातार दुनिया के सबसे भ्रष्ट देशों में शुमार है, जिसमें रिश्वतखोरी, गबन और खराब सरकार शामिल है। इन सबके बावजूद इल्हान उमर हमें बताती है कि अमेरिका कैसे चलाना है! ध्यन दें: क्या ये वही नहीं है जिसने नागरिकता हासिल करने के लिए अपने भाई से शादी की थी??? हमारे देश में कितने घटिया लोग हैं, जो हमें बताते हैं कि क्या करना है।"

'भाई से शादी' का पुराना आरोप: सच्चाई क्या है?

ट्रंप का यह दावा नया नहीं है। 2016 से चला आ रहा यह षड्यंत्र सिद्धांत कहता है कि उमर ने 2009 में अपने कथित भाई अहमद नूर सईद एल्मी से शादी की ताकि उसे अमेरिकी नागरिकता दिला सकें। उमर का जन्म 1982 में सोमालिया में हुआ था। गृहयुद्ध के कारण उनका परिवार केन्या के शरणार्थी शिविर में रहा, फिर 1990 के दशक में अमेरिका आ गया। उमर ने 2000 में नागरिकता ली।

उमर की शादियों का इतिहास जटिल रहा है:

- 2002: अहमद हिरसी से धार्मिक शादी (कानूनी नहीं), जिनसे तीन बच्चे हैं। 2018 में कानूनी रूप से शादी।

- 2009-2017: एल्मी से कानूनी शादी, लेकिन उमर कहती हैं कि यह 'सांस्कृतिक' था और एल्मी उनका भाई नहीं है।

- 2020: तिमोथी मायनेट से शादी।

मिनेसोटा स्टेट रिप्रेजेंटेटिव स्टीव ड्राजकोवस्की ने हाल ही में एक जांच में दावा किया कि उमर ने एल्मी को 'कागजात' दिलाने के लिए 'जो करना पड़े, करूंगी' कहा था। लेकिन फैक्ट-चेकर्स जैसे स्नोप्स, पोलिटिफैक्ट और न्यूयॉर्क टाइम्स ने इसे बार-बार झूठा साबित किया। कोई जन्म प्रमाण पत्र, डीएनए या इमिग्रेशन रिकॉर्ड एल्मी को भाई साबित नहीं करता। मिनेसोटा की एक जांच ने भी केवल टैक्स फाइलिंग में अनियमितताएं पाईं, न कि भाई-शादी का सबूत। उमर ने कहा- यह झूठी अफवाहें मेरी पहचान को निशाना बनाती हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।