Fourth Shooting Near Kapil Sharma Cafe in Canada Is the Lawrence Bishnoi Gang Involved कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के पास चौथी बार फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ?, International Hindi News - Hindustan
More

कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के पास चौथी बार फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ?

Kapil Sharma: पोस्ट में आगे यह भी संकेत दिया गया कि यदि वे उनकी शर्तों को नहीं मानते हैं, तो कपिल शर्मा के कैफे और मुंबई स्थित उनके घर को भी इसी तरह के अंजाम भुगतने पड़ सकते हैं।

Sun, 3 May 2026 12:13 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के पास चौथी बार फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ?

भारत के मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कनाडा के सरे स्थित उनके कैप्स कैफे (Kap’s Cafe) के पास स्थित एक रेस्टोरेंट पर गोलीबारी की घटना हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल दावों के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है और कपिल शर्मा को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर 'टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू' नामक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि गोलीबारी सरे के चाय सुट्टा बार (Chai Sutta Bar) पर की गई, जो कपिल शर्मा के कैफे के बिल्कुल बगल में स्थित है।

गैंग ने इस पोस्ट के जरिए कपिल शर्मा और कैफे मालिक को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे उनका समय बर्बाद न करें और लाइन में आ जाएं। पोस्ट में आगे यह भी संकेत दिया गया कि यदि वे उनकी शर्तों को नहीं मानते हैं, तो कपिल शर्मा के कैफे और मुंबई स्थित उनके घर को भी इसी तरह के अंजाम भुगतने पड़ सकते हैं। हालांकि, इन सोशल मीडिया दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

2025 से जारी है हमलों का सिलसिला

कपिल शर्मा के कैफे को निशाना बनाए जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है। साल 2025 में उनके कैफे पर हमलों का एक स्पष्ट पैटर्न देखा गया था। 10 जुलाई 2025 को 'कैप्स कैफे' के उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद पहली बार गोलीबारी हुई। हमलावरों ने इमारत की खिड़कियों पर गोलियां बरसाई थीं। 7 अगस्त 2025 को एक महीने के भीतर दूसरी बार हमला हुआ, जिसमें कैफे पर कई राउंड फायरिंग की गई। 15-16 अक्टूबर 2025 को चार महीने के भीतर तीसरी बार कैफे को निशाना बनाया गया। इस हमले के बाद बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी।

सलमान खान के साथ संबंध

गैंग के दावों के अनुसार, कपिल शर्मा को निशाना बनाए जाने का मुख्य कारण उनका अभिनेता सलमान खान के साथ जुड़ाव है। बताया जाता है कि 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के लॉन्च पर सलमान खान को आमंत्रित करने से बिश्नोई गैंग नाराज हो गया था। गिरोह के एक सदस्य ने पहले भी चेतावनी दी थी कि जो कोई भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे परिणाम भुगतने होंगे।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग और सलमान खान के बीच दुश्मनी 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी है। बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है और इसी कारण यह गैंग पिछले कई वर्षों से सलमान खान और उनके करीबियों को धमकियां दे रहा है।

इससे पहले अपनी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कपिल शर्मा ने इन हमलों पर अपनी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें ऐसा महसूस होता है कि कनाडा के नियम और पुलिस शायद ऐसी घटनाओं को नियंत्रित करने में सक्षम नहीं हैं। हमलों के बाद मुंबई पुलिस ने भी सुरक्षा कारणों से भारत में कपिल शर्मा की सुरक्षा बढ़ा दी थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।