जहाजों में धमाके और ड्रोन, ट्रंप के रहस्यमयी पोस्ट ने मचाई हलचल; टूटने वाली है अमेरिका-ईरान वार्ता?
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कयासों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अलविदा- Adios लिखा रहस्यमय संदेश पोस्ट करते हुए अमेरिका-ईरान युद्धविराम वार्ता की स्थिति को लेकर नई अनिश्चितता पैदा कर दी है।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कयासों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर 'अलविदा' ( Adios ) लिखा रहस्यमय संदेश पोस्ट करते हुए अमेरिका-ईरान युद्धविराम वार्ता की स्थिति को लेकर नई अनिश्चितता पैदा कर दी है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक नाटकीय एआई जनरेटेड तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में ईरानी झंडों वाले जहाजों पर विस्फोट होते दिख रहे हैं, हवा में मलबा उड़ रहा है और ऊपर अमेरिकी ध्वज वाला ड्रोन दिखाई दे रहा है।
डोनाल्ड ट्रंप का यह पोस्ट ऐसे संवेदनशील समय में आया है जब दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयास तेजी से आगे बढ़ रहे थे। महज एक दिन पहले ट्रंप ने खुद दावा किया था कि शांति समझौते पर काफी हद तक बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा था कि अमेरिका, ईरान और अन्य देशों के बीच अब सिर्फ अंतिम रूप देना बाकी है।
ट्रंप के बयान के तुरंत बाद भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा था कि मुझे लगता है कि अगले कुछ घंटों में दुनिया को कुछ अच्छी खबर मिल सकती है। मार्को रुबियो के इस बयान को वार्ता की सफलता को लेकर सतर्क आशावाद के रूप में देखा जा रहा था।
दूसरी ओर ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने भी वाशिंगटन के साथ 'मेल-मिलाप की दिशा' की बात कही थी, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि दोनों देश महत्वपूर्ण मुद्दों पर तुरंत समझौते पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि ईरान का इरादा पहले एक 'ढांचागत समझौता ज्ञापन' तैयार करना था, जिसके बाद 30 से 60 दिनों में अंतिम समझौता हो सकता है।
हालांकि, ट्रंप के नए 'अलविदा' पोस्ट और युद्ध की छवि वाली तस्वीर ने अब यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या दोनों पक्षों के बीच चल रही वार्ताएं अचानक रुक गई हैं या पूरी तरह विफल हो गई हैं। फिलहाल वाशिंगटन और तेहरान की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं आया है। लेकिन कयासों का बाजार गर्म है, और लोग अपने-अपने स्तर पर इसका मतलब निकाल रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन