Esmail Qaani Commander of Quds Force in Iran killed during Israeli Strike इजरायली हमले में ईरान को बड़ा नुकसान, कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कानी की मौत, International Hindi News - Hindustan
More

इजरायली हमले में ईरान को बड़ा नुकसान, कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कानी की मौत

इजरायल के हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स में कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कानी की भी मौत हो गई है। कानी ने साल 2020 में कासिम सुलेमानी के मारे जाने के बाद कमांडर के रूप में पदभार संभाला था।

Fri, 13 June 2025 11:01 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
share
इजरायली हमले में ईरान को बड़ा नुकसान, कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कानी की मौत

इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष बढ़ गया है। इजरायल ने ईरान पर कई मिसाइल हमले किए, जिसमें भारी नुकसान हुआ है। इस हमले में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स में कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कानी की भी मौत हो गई है। कानी ने साल 2020 में अमेरिका द्वारा लक्षित ऑपरेशन में मारे गए कासिम सुलेमानी के बाद कमांडर के रूप में पदभार संभाला था।

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने शुक्रवार शाम को एक ईरानी स्रोत का हवाला देते हुए कानी की मौत का दावा किया। कानी का जन्म मशहद ईरान में हुआ। उसने ईरान-इराक युद्ध में हिस्सा लिया और 1997 में कुद्स फोर्स का उप-कमांडर बना। अफगानिस्तान और पाकिस्तान में उसका अनुभव था, लेकिन सुलेमानी की तरह वह अरबी भाषा में पारंगत नहीं है।

इससे पहले, ईरान ने अपने रिवॉल्यूशनरी गार्ड के मिसाइल कार्यक्रम के प्रमुख जनरल आमिर अली हजीजादेह के इजरायली हमले में मारे जाने की भी पुष्टि की। ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ने शुक्रवार दोपहर हजीजादेह के मारे जाने की जानकारी दी। इस खबर से कुछ समय पहले ही इजराइल ने हजीजादेह को मारने का दावा किया था। हजीजादेह रिवॉल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख कमांडर थे, जो उसके बैलिस्टिक मिसाइल शस्त्रागार की निगरानी करते थे।

इजरायल की सेना ने शुक्रवार को कहा है कि उसने पूरे देश में सभी युद्ध क्षेत्रों में सैनिकों को तैनात करना शुरू कर दिया है, क्योंकि ईरान पर उसका हमला जारी है और वह जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है। सेना ने कहा कि वह रक्षा और आक्रमण की तैयारी के तहत विभिन्न सैन्य इकाइयों से रिजर्व सैनिकों को बुला रही है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब इजरायल अपनी सीमा पर ईरान या ईरानी छद्म समूहों से जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।