रूसी ड्रोनों के लिए स्टारलिंक का गैर-कानूनी इस्तेमाल बंद, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एलन मस्क का दावा
रूस-यूक्रेन युद्ध में स्टारलिंक की भूमिका फिर से चर्चा में है। एलन मस्क ने दावा किया है कि उनकी कंपनी स्पेसएक्स ने रूस द्वारा स्टारलिंक के अनधिकृत उपयोग को सफलतापूर्वक रोक दिया है। यह कदम यूक्रेन की सेना के लिए बड़ी राहत लेकर आया है…
रूस-यूक्रेन युद्ध में स्टारलिंक की भूमिका फिर से चर्चा में है। एलन मस्क ने दावा किया है कि उनकी कंपनी स्पेसएक्स ने रूस द्वारा स्टारलिंक के अनधिकृत उपयोग ( खासकर ड्रोन हमलों के लिए ) को सफलतापूर्वक रोक दिया है। यह कदम यूक्रेन की सेना के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो युद्धक्षेत्र में संचार और ड्रोन मिशनों के लिए स्टारलिंक पर काफी हद तक निर्भर है। वहीं, कीव के रक्षा प्रमुख ने बताया कि अधिकारी भविष्य में मॉस्को द्वारा इसके किसी भी उपयोग को रोकने के तरीकों पर काम कर रहे हैं।
दरअसल, कीव की सेना युद्ध के मैदान में संचार और कुछ ड्रोन मिशनों के लिए हजारों उपग्रह-आधारित स्टारलिंक इंटरनेट कनेक्शनों पर निर्भर है। लेकिन इस सप्ताह यूक्रेन ने कहा कि उसे रूसी हमलों में इस्तेमाल होने वाले लंबी दूरी के ड्रोनों पर स्टारलिंक टर्मिनल मिले हैं। यूक्रेन ने स्पेसएक्स के साथ मिलकर रूस को स्टारलिंक के जरिए ड्रोन निर्देशित करने से रोकने के लिए काम किया है।
स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि ऐसा लगता है कि रूस द्वारा स्टारलिंक के अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए हमने जो कदम उठाए थे, वे कारगर साबित हुए हैं। अगर और कुछ करने की जरूरत हो तो हमें बताएं। वहीं, एक अलग बयान में यूक्रेन के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेडोरोव ने रविवार को कहा कि कीव एक ऐसी प्रणाली विकसित कर रहा है जो केवल अधिकृत स्टारलिंक टर्मिनलों को यूक्रेनी क्षेत्र में काम करने की अनुमति देगी।
उन्होंने सोशल मीडिय एक्स पर लिखा कि यूक्रेन ने स्टारलिंक के साथ मिलकर रूसी ड्रोनों का मुकाबला करने में तेजी से परिणाम देने वाले पहले कदम उठाए हैं। अगला कदम एक ऐसी प्रणाली लागू करना है जो केवल अधिकृत टर्मिनलों को यूक्रेन के क्षेत्र में संचालित करने की अनुमति देगी।
फरवरी 2024 में एक सोशल मीडिया पोस्ट में स्पेसएक्स ने कहा था कि वह रूस को स्टारलिंक की बिक्री या शिपिंग नहीं करता है, और रूसी सरकार या उसकी सेना के साथ किसी भी तरह का व्यापार नहीं करता। रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के शुरुआती दिनों में कीव द्वारा मदद की गुहार लगाने के बाद मस्क ने 2022 में यूक्रेन के ऊपर स्टारलिंक सेवा शुरू की थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन