Donald Trump who claims he stopped eight wars has launched attacks in eight locations मैंने 8 युद्ध रुकवाए, ऐसा कहने वाले ट्रंप आठ जगहों पर कर चुके अटैक; अब ईरान घिरा, International Hindi News - Hindustan
More

मैंने 8 युद्ध रुकवाए, ऐसा कहने वाले ट्रंप आठ जगहों पर कर चुके अटैक; अब ईरान घिरा

अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर बड़ा हमला शुरू किया, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी जनता से 'अपने भाग्य की बागडोर अपने हाथ में लेने' और 1979 से देश पर शासन कर रहे इस्लामी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करने का आह्वान किया था।

Sun, 1 March 2026 08:40 AMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
मैंने 8 युद्ध रुकवाए, ऐसा कहने वाले ट्रंप आठ जगहों पर कर चुके अटैक; अब ईरान घिरा

इजरायल के साथ मिलकर अमेरिका ने ईरान के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन शुरू कर दिया है। खास बात है कई मौकों पर '8 युद्ध' रुकवाने का दावा करने वाले ट्रंप करीब इतनी ही सैन्य कार्रवाइयों के आदेश भी दे चुके हैं। ईरान से पहले अमेरिका ने वेनेजुएला में प्रवेश कर अब अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया था। वह भारत और पाकिस्तान के बीच जारी संघर्ष रुकवाने का भी दावा कर चुके हैं।

इराक

अमेरिका ने मार्च 2025 में इराक के अल-अनबार प्रांत में एक हवाई हमले में ISIL (ISIS) के एक हाई-प्रोफाइल कमांडर को मार गिराया। रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में आतंकी संगठन का नंबर-2 कमांडर अब्दुल्ला 'अबू खदीजा' मल्ली मुसलीह अल-रिफाई और एक अन्य अनाम शख्स मारा गया।

सीरिया

अमेरिका ने दिसंबर 2025 में सीरिया में ISIL के ठिकानों पर हमले किए थे। ये हमले पालिमारा में हुए हमले में दो अमेरिकी सैनिक और एक ट्रांसलेटर की मौत के बाद किए गए थे। ट्रंप ने तब कहा था कि जो लोग हमले के जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ अमेरिका भारी जवाबी कार्रवाई क रहा है।

यमन

अमेरिका ने मार्च और मई 2025 के बीच यमन के हुती विद्रोही समूह को निशाना बनाते हुए दर्जनों नौसैनिक और हवाई हमले किए। इन हमलों में बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। इससे पहले हूतियों ने रेड सी से गुजर रहे जहाजों को निशाना बनाया था, ताकि गाजा में जारी इजरायल के युद्ध पर दबाव बनाया जा सके।

सोमालिया

ट्रंप प्रशासन ने सोमालिया में अमेरिकी सैन्य भागीदारी को काफी बढ़ा दिया है। यहां अमेरिका लंबे समय से अल-शबाब और ISIL (ISIS) की क्षेत्रीय शाखा जैसे सशस्त्र समूहों से निपटने के लिए स्थानीय सरकार के साथ काम कर रहा है। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान सोमालिया में हवाई हमलों में भारी बढ़ोत्तरी हुई है।

नाइजीरिया

नाइजीरिया में ट्रंप प्रशासन ने हमले शुरू किए थे और 100 अमेरिकी सैन्य कर्मियों को नाइजीरियाई सेना को प्रशिक्षित करने के लिए तैनात किया है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि नाइजीरियाई सरकार मुस्लिम समूहों द्वारा ईसाइयों के 'नरसंहार' को रोकने के लिए कड़े कदम नहीं उठाती, तो अमेरिका और भी हवाई हमले करेगा।

लैटिन अमेरिका में नौकाओं पर हमले

अल जजीरा की रिपोर्ट में वॉचडॉग ग्रुप 'एयरवॉर्स' के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि पिछले सितंबर से अब तक अमेरिका ने लैटिन अमेरिका और कैरिबियन में नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले संदिग्ध जहाजों पर कम से कम 45 हमले किए हैं। इन हमलों में कम से कम 151 लोगों की मौत हुई है।

वेनेजुएला

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए अमेरिका ने ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व की शुरुआत की थी। ट्रंप ने मादुरो को पकड़ने वाले अमेरिकी विशेष बलों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले महीने की गई इस कार्रवाई से 'पूरी दुनिया ने अमेरिका की पूर्ण सैन्य शक्ति को देखा' और इससे यह सुनिश्चित हुआ कि दुनियाभर के संभावित शत्रु 'हमसे डरें।'

ईरान के खिलाफ कार्रवाई

अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर बड़ा हमला शुरू किया, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी जनता से 'अपने भाग्य की बागडोर अपने हाथ में लेने' और 1979 से देश पर शासन कर रहे इस्लामी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करने का आह्वान किया था।

ये हमले ऐसे समय में हुए जब हाल के हफ्तों में तनाव काफी बढ़ गया था। अमेरिकी युद्धपोत क्षेत्र में तैनात किए जा चुके थे और ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए एक समझौता चाहते हैं। यह उस समय हो रहा है जब देश के भीतर भी हालात चुनौतीपूर्ण हैं और राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।