न तेल, न पैसा; देर होने से पहले कर लो समझौता, वेनेजुएला पर कार्रवाई के बाद ट्रंप ने क्यूबा को दी धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला से क्यूबा को अब कोई तेल या पैसा नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्यूबा को बहुत देर होने से पहले अमेरिका के साथ एक समझौता कर लेना चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला से क्यूबा को अब कोई तेल या पैसा नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्यूबा को 'बहुत देर होने से पहले' अमेरिका के साथ एक समझौता कर लेना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि क्यूबा कई वर्षों से वेनेजुएला से बड़ी मात्रा में तेल और धन पर निर्भर रहा है और इसी के बदले में वेनेजुएला के पिछले दो 'तानाशाहों' को सुरक्षा सेवाएं प्रदान करता रहा है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
ट्रंप ने अपने खास अंदाज में ट्रुथ सोशल पर लिखा कि क्यूबा को अब न तेल मिलेगा, ना ही पैसा। ट्रंप ने कहा कि देर होने से पहले एक समझौता कर लें। उन्होंने आगे कहा कि पिछले सप्ताह अमेरिकी हमले में ज्यादातर क्यूबाई मारे गए हैं, और अब वेनेजुएला को उन 'गुंडों और जबरन वसूली करने वालों' से सुरक्षा की जरूरत नहीं है, जिन्होंने उन्हें इतने सालों तक बंधक बनाकर रखा था। ट्रंप ने दावा किया कि अब वेनेजुएला के पास संयुक्त राज्य अमेरिका है। दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना, जो उनकी रक्षा करेगी। उन्होंने लिखा कि वेनेजुएला अब हमारे पास है, और हम उनकी रक्षा करेंगे।
क्या मार्को रुबियो क्यूबा के राष्ट्रपति बनेंगे?
इससे पहले दिन में ट्रंप ने एक यूजर 'एक्सपर क्लिफ स्मिथ' के पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा था कि मार्को रुबियो क्यूबा के राष्ट्रपति बनेंगे और उसके साथ हंसने वाला इमोजी था। इस स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए ट्रंप ने लिखा कि मुझे तो यह अच्छा लग रहा है।
वेनेजुएला में राजनीतिक कैदियों की रिहाई
दूसरी ओर वेनेजुएला के राष्ट्रपति को अमेरिकी सेना द्वारा 'पकड़ लिए जाने' के एक सप्ताह बाद शनिवार को दक्षिण अमेरिकी देश में राजनीतिक कैदियों को रिहा करना शुरू कर दिया गया, जिसमें विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो की पार्टी के एक नेता भी शामिल थे। इस रिहाई पर ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला ने अपने राजनीतिक कैदियों को रिहा करने की प्रक्रिया बड़े पैमाने पर शुरू कर दी है। इसके लिए उन्होंने धन्यवाद देते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि वे कैदी याद रखेंगे कि वे कितने भाग्यशाली थे कि अमेरिका ने आगे आकर आवश्यक कदम उठाया। मुझे उम्मीद है कि वे इसे कभी नहीं भूलेंगे! अगर वे भूल गए, तो यह उनके लिए अच्छा नहीं होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन