पीएम मोदी के लिए बहुत सम्मान, दावोस में भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भी ट्रंप ने दी गुड न्यूज
दावोस में भारतीय मीडिया से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई कि भारत और अमेरिका अच्छी डील करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत के साथ शानदार डील होगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें शानदार नेता बताया। ट्रंप ने दावोस में गुड न्यूज देते हुए कहा कि भारत के साथ शानदार ट्रेड डील भी होगी। उन्होंने कहा कि मुझे आपके प्रधानमंत्री (मोदी) के लिए बहुत सम्मान है।
दावोस में भारतीय मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने उम्मीद जताई कि भारत और अमेरिका अच्छी डील करेंगे। उन्होंने कहा, ''भारत के साथ शानदार डील होगी।'' उन्होंने पीएम मोदी के बारे में भारतीय मीडिया से कहा कि मुझे आपके प्रधानमंत्री के लिए बहुत सम्मान है।
बता दें कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से भारत और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ गया था। ट्रंप ने भारत पर पहले 25 फीसदी टैरिफ लगाया और फिर रूस से तेल आयात करने को लेकर उसे और बढ़ाते हुए कुल 50 फीसदी टैरिफ कर दिया। दोनों देश ट्रेड डील पर भी कई दौर की अहम बैठक कर चुके हैं। हालांकि, इन सबके बीच, ट्रंप कई बार पीएम मोदी की तारीफ करते रहे हैं।
भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने 12 जनवरी को कहा था कि दोनों पक्ष सक्रिय रूप से व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। गोर ने अपने स्वागत भाषण में कहा था, "असली मित्रों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आखिर में हमेशा उन्हें सुलझा लेते हैं।" इससे पहले, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने पिछले हफ्ते कहा था कि भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं और दोनों पक्षों के तैयार होने पर इसकी घोषणा कर दी जाएगी।
अग्रवाल ने कहा कि दोनों देशों के वार्ताकार दल व्यापार समझौते के लगभग सभी लंबित मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "यह पूरा होने के बहुत करीब है, लेकिन हम कोई समय-सीमा नहीं दे सकते हैं। यह तब होगा जब दोनों पक्ष तैयार होंगे और यह महसूस करेंगे कि घोषणा का सही समय है।" सितंबर में भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में 50 प्रतिशत तक का भारी शुल्क लगाए जाने के बाद व्यापार समझौते पर बातचीत कुछ समय के लिए सुस्त पड़ गई थी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दिसंबर के अंतिम सप्ताह में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीयर के साथ ऑनलाइन बैठक की थी। यह बैठक 10-11 दिसंबर को अमेरिका के उप व्यापार प्रतिनिधि रिक स्विट्ज़र के नेतृत्व में आए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन