Donald Trump reaction to Ishaq Dar claims that 20 Pakistani ships will be cleared through the Strait of Hormuz होर्मुज से US के लिए और तेल निकालेगा पाक? इशाक डार के दावों पर ट्रंप का रिएक्शन, International Hindi News - Hindustan
More

होर्मुज से US के लिए और तेल निकालेगा पाक? इशाक डार के दावों पर ट्रंप का रिएक्शन

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने दावा किया है कि होर्मुज से 20 जहाजों को निकालने की इजाजत मिल गई है। डार के इस दावे को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने दावा किया था कि पाकिस्तानी झंडे़ वाले जहाजों के जरिए उन्होंने होर्मुज से 10 टैंकर तेल निकलवाया है।

Sun, 29 March 2026 05:09 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
होर्मुज से US के लिए और तेल निकालेगा पाक? इशाक डार के दावों पर ट्रंप का रिएक्शन

Donald Trump: पश्चिम एशिया की जंग में पड़ोसी देश पाकिस्तान मध्यस्थता करने में लगा हुआ है। इसी बीच रविवार तड़के पाकिस्तान की तरफ से यह दावा किया गया कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से 20 पाकिस्तानी तेल जहाजों को निकलने की मंजूरी दे दी है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने बताया कि तेहरान ने 2 जहाज प्रतिदिन निकालने के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। बता दें, पाकिस्तान की तरफ से यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने दावा किया था कि युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज से पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों के जरिए उन्होंने दस टैंकर तेल निकलवाया है। इस पर ईरान के कई विशेषज्ञों ने आपत्ति भी जताई थी।

सोशल मीडिया साइट पर तेहरान के इस फैसले की जानकारी देते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने इसे वैश्विक ऊर्जा संकट को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला क्षेत्रीय तनाव के बीच शांति का संकेत देता है।

उन्होंने लिखा, "मुझे यह अच्छी खबर साझा करते हुए खुशी हो रही है कि ईरान सरकार ने पाकिस्तानी झंडे़ वाला 20 और जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित गुजरने की इजाजत दे दी है। हर दिन दो पाकिस्तानी जहाज इस रास्ते से गुजरेंगे।" उन्होंने आगे कहा, “संवाद, कूटनीति और इस तरह के विश्वास-निर्माण के कदम ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता हैं।”

डार के इस बयान पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया भी सामने आई। उन्होंने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर पाकिस्तानी विदेश मंत्री के ट्वीट को शेयर किया। होर्मुज बंद होने के बाद वैश्विक रूप से निशाने पर आए ट्रंप के लिए यह एक बड़ी राहत की बात है, क्योंकि वह लगातार होर्मुज को खोलने की बात कर रहे हैं। हाल ही में ट्रंप ने दावा किया था कि युद्ध के शुरू होने के बाद ईरान की तरफ से उन्हें दस तेल टैंकर मिले हैं। इस पर ईरान की तरफ से गुस्सा जाहिर किया गया था। हालांकि, अब जबकि पाकिस्तान पश्चिम एशिया में जारी इस संघर्ष को कूटनीति के जरिए सुलझाने में मदद कर रहा है, तो ऐसे में ईरान ने शांति का रास्ता चुना है।

आपको बता दें, पाकिस्तान की तरफ से यह दावा ऐसे समय में सामने आया है। जब ईरान अमेरिका संघर्ष की वजह से होर्मुज स्ट्रेट पर खतरा मंडरा रहा है। इस संकरे जलमार्ग पर ईरानी खतरे की वजह से वैश्विक ऊर्जा संकट बढ़ रहा है। भारत के लिए कच्चे तेल के पर्याप्त भंडार मौजूद हैं और साथ ही लगातार जहाज आ रहे हैं, लेकिन एलपीजी का संकट बढ़ा हुआ है। भारत सरकार के प्रयासों के बाद अभी तक होर्मुज से केवल चार भारतीय जहाज निकल पाए हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।