Donald Trump oil deal with Pakistan and us slaps 25 percent tariff on India दोस्ती को ठेंगा! ट्रंप ने पाकिस्तान से कर ली बड़ी डील, भारत को झटका देकर किया ऐलान, International Hindi News - Hindustan
More

दोस्ती को ठेंगा! ट्रंप ने पाकिस्तान से कर ली बड़ी डील, भारत को झटका देकर किया ऐलान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 25 प्रतिशत शुल्क लगाने को लेकर बुधवार को ब्रिक्स समूह व नई दिल्ली के साथ ‘भारी’ व्यापार घाटे का हवाला दिया और कहा कि अमेरिका इस समय भारत के साथ बातचीत कर रहा है।

Thu, 31 July 2025 07:03 AMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
दोस्ती को ठेंगा! ट्रंप ने पाकिस्तान से कर ली बड़ी डील, भारत को झटका देकर किया ऐलान

भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान के साथ बहुत बड़ी डील करने की बात कह रहे हैं। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका ने पाकिस्तान के तेल भंडार विकसित करने में मदद करने की तैयारी की है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि हो सकता है कि किसी दिन पाकिस्तान भारत को तेल बेचे। भारत के साथ टैरिफ डील को उन्होंने कहा है कि बातचीत जारी है।

ट्रंप का कहना है कि बहुत बड़े तेल भंडार विकसित करने के लिए अमेरिका ने पाकिस्तान की मदद करने की डील की है। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं है कि इस काम को किस कंपनी को सौंपा जाएगा। खास बात है कि यह ऐसे समय पर हो रहा है, जब भारत पर ऊंची टैरिफ दर के साथ अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने के कारण जुर्माना भी लगाया है।

ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'हमने अभी पाकिस्तान के साथ डील पूरी की है। जिसमें पाकिस्तान और अमेरिका उनके तेल भंडार विकसित करने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे। हम एक तेल कंपनी का चुनाव करने की प्रक्रिया में है, जो इस साझेदारी की अगुवाई करेगी। कौन जानता है कि वो (पाकिस्तान) किसी दिन भारत को तेल बेचेंगे।'

भारत पर क्यों लगाया ज्यादा टैरिफ

ट्रंप ने 25 प्रतिशत शुल्क लगाने को लेकर बुधवार को ब्रिक्स समूह व नई दिल्ली के साथ ‘भारी’ व्यापार घाटे का हवाला दिया और कहा कि अमेरिका इस समय भारत के साथ बातचीत कर रहा है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा, 'हम अभी बातचीत कर रहे हैं और इसमें ब्रिक्स का मसला भी शामिल है। आप जानते हैं, ब्रिक्स मूलतः अमेरिका विरोधी देशों का एक समूह है और भारत इसका सदस्य है। यह अमेरिकी मुद्रा पर हमला है और हम किसी को भी ऐसा नहीं करने देंगे।'

ट्रंप ने कहा, 'यह निर्णय आंशिक रूप से ‘ब्रिक्स’ की वजह से लिया गया है और इसमें कुछ हद तक घाटे की भूमिका है। हमें बहुत बड़ा घाटा हुआ है। जैसा कि आप जानते हैं, प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी मेरे मित्र हैं लेकिन वे हमारे साथ व्यापार के मामले में बहुत ज्यादा जुड़े नहीं हैं।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।