donald trump gives another shock to elon musk rejects his close aid name from list of nasa chief डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को दे दिया एक और झटका, इस फैसले से दुखी हो गए टेस्ला चीफ, International Hindi News - Hindustan
More

डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को दे दिया एक और झटका, इस फैसले से दुखी हो गए टेस्ला चीफ

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि वह एलन मस्क के करीबी जेरेड इसाकमैन को नासा का चीफ नहीं बनाएंगे। इस फैसले पर एलन मस्क ने अफसोस जताया है।

Sun, 1 June 2025 11:50 AMAnkit Ojha एपी
share
डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को दे दिया एक और झटका, इस फैसले से दुखी हो गए टेस्ला चीफ

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को एक और करारा झटका दिया है। उन्होंने एलन मस्क के करीबी को NASA (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन)चीफ बनाने से साफ इनकार कर दिया। ट्रंप ने शनिवार देर रात घोषणा की कि वह नासा का नेतृत्व करने के लिए एलन मस्क के सहयोगी जेरेड इसाकमैन का नाम वापस ले रहे हैं। ट्रंप के इस फैसले पर एलन मस्क ने भी दुख जताया है। बता दें कि खबरों में बताया जाता है कि एलन मस्क और ट्रंप के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। बीते दिनों एलन मस्क ने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी की भी जिम्मेदारी छोड़ दी है।

चुनाव के दौरान उन्होंने खुलकर डोनाल्ड ट्रंप का साथ दिया था। इसके बाद ट्रंप ने उन्हें अपनी सरकार में शामिल करके अहम जिम्मेदारी सौंप दी थी। हालांकि कुछ ही समय में सरकार के अंदर ही एलन मस्क का विरोध होने लगा। वहीं एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ बढ़ाने के फैसले पर असंतुष्टि जताई थी।

ट्रंप ने कहा कि वह इसाकमैन के पूर्व संबंधों की गहन समीक्षा के बाद इस निर्णय पर पहुंचे हैं। हालांकि ट्रंप ने अपनी बात को विस्तार से नहीं समझाया। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने भी इस संबंध में भेजे गए ईमेल का कोई उत्तर नहीं दिया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर लिखा, 'पूर्व के संबंधों की गहन समीक्षा के बाद मैं नासा के प्रमुख के लिए जेरेड इसाकमैन का नाम वापस ले रहा हूं।'

उन्होंने कहा,‘मैं जल्द ही एक नए उम्मीदवार की घोषणा करूंगा जो मिशन से जुड़ा होगा और अंतरिक्ष में अमेरिका को आगे रखेगा।’ ट्रंप ने दिसंबर में घोषणा की थी कि उन्होंने इसाकमैन को अंतरिक्ष एजेंसी का अगला प्रशासक चुना है। इसाकमैन (42) मस्क के करीबी सहयोगी रहे हैं।

सीनेट की वाणिज्य, विज्ञान और परिवहन समिति ने अप्रैल के अंत में इसाकमैन के नामांकन को मंजूरी दे दी थी और उनके नाम की पुष्टि के लिए सीनेट में शीघ्र मतदान होने की उम्मीद थी। मस्क ने शनिवार को यह खबर आने के बाद ट्रंप के निर्णय पर अफसोस जताया और एक पोस्ट में लिखा कि इतना सक्षम और नेकदिल व्यक्ति मिलना बहुत मुश्किल है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।