Donald Trump expressed happiness over death of former FBI chief Robert S Mueller अच्छा हुआ, मर गया; पूर्व FBI चीफ म्यूलर की मृत्यु पर डोनाल्ड ट्रंप ने जताई खुशी, क्या वजह?, International Hindi News - Hindustan
More

अच्छा हुआ, मर गया; पूर्व FBI चीफ म्यूलर की मृत्यु पर डोनाल्ड ट्रंप ने जताई खुशी, क्या वजह?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एफबीआई के पूर्व निदेशक रॉबर्ट एस म्यूलर के निधन पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा कि रॉबर्ट् एस म्यूलर का निधन हो गया है, उन्हें इस बात की खुशी है।

Sun, 22 March 2026 02:27 AMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
अच्छा हुआ, मर गया; पूर्व FBI चीफ म्यूलर की मृत्यु पर डोनाल्ड ट्रंप ने जताई खुशी, क्या वजह?

Robert S. Mueller Death: अमेरिका की एजेंसी 'फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI)' के पूर्व निदेशक रॉबर्ट एस. म्यूलर का शुक्रवार को 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। परिवार ने शनिवार को जारी किए एक बायन में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शुक्रवार को उनका निधन हो गया है। म्यूलर के जानने वाले उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं, तो वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी मृत्यु पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि म्यूलर मर गए।'

सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर अपनी बात रखते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, "रॉबर्ट म्यूलर की मृत्यु हो गई। अच्छा हुआ, मैं खुश हूं कि वह मर गया। अब वह निर्दोष लोगों को नुकसान नहीं पहुंचा सकता!” ट्रंप के इस बायन की कई लोग आलोचना कर रहे हैं, तो वहीं उनके समर्थक इसका भी साथ दे रहे हैं।

गौरतलब है कि म्यूलर ने 26/11 हमले के समय एजेंसी का कार्यभार संभाला था। वह 2001 से 2003 तक एफबीआई निदेशक के रूप में काम करते रहे। इस दौरान उन्होंने एफबीआई को पूरी तरह से एक आतंकवाद रोधी बल बनाने में योगदान दिया। इसके बाद वह 2017 से लेकर 2019 तक विशेष वकील के रूप में काम करते रहे। इसी दौरान उन्होंने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप, ट्रंप द्वारा न्याय में बाधा डालने और ट्रंप के प्रचार के साथ रूसी संभावित समन्वय की जांच का नेतृत्व किया।

ट्रंप को म्यूलर से इतनी नफरत क्यों?

2016 में राष्ट्रपति चुनाव जीतकर पद संभालने वाले ट्रंप के लिए म्यूलर लगातार परेशानी का कारण रहे। विशेष वकील के रूप में काम क रहे म्यूलर पूरे राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान ट्रंप की लगातार जांच कर रहे थे। ट्रंप ने इस जांच को राजनैतिक उत्पीड़न करार दिया। इतना ही नहीं ट्रंप ने म्यूलर के ऊपर व्यक्तिगत पक्षपात और हितों के टकराव के आरोप भी लगाए, जिसमें पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कॉमी के साथ उनके संबंधों को लेकर भी दावे किए गए थे।

2019 में जांच के पूरे होने के बाद अप्रैल में म्यूलर रिपोर्ट सामने आई। इस रिपोर्ट में उन्होंने कई बार इस बात का जिक्र किया कि ट्रंप ने जांच को रोकने या फिर प्रभावित करने की कोशिश की। हालांकि, म्यूलर अपनी रिपोर्ट में यह साबित नहीं कर पाए कि ट्रंप ने कोई अपराध किया है, लेकिन उन्होंने साफतौर पर इस बात का जिक्र किया कि ट्रंप को पूरी तरह से दोषमुक्त नहीं कहा जा सकता।

हालांकि, ट्रंप ने इस रिपोर्ट के आधार पर खुद को बेगुनाह बताकर प्रचार किया। लेकिन जब पूरी जांच सामने आई, तो मामला उलझ गया। मई 2019 में म्यूलर की प्रेस कॉन्फ्रेंस और बाद में कांग्रेस में उनकी गवाही ने यह स्पष्ट किया कि रिपोर्ट ट्रंप को इन मामलों में पूरी तरह क्लीन चिट नहीं देती, जो ट्रंप के दावों के विपरीत था। इसके बाद दोनों के बीच में पहले से ही खराब रिश्ते और भी ज्यादा खराब हो गए थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।