नाकाबंदी और बेतुकी मांगों से विश्वासघात' कर रहे ट्रंप, भड़क गए खामेनेई के सलाहकार
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई के सलाहकार मोहसिन रजाई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जमकर भड़ास निकाली है। उन्होंने ट्रंप की मांगों को बेतुकी बताते हुए कहा कि वे तीसरी बार कूटनीति के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई के सलाहकार मोहसिन रजाई ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ट्रंप ईरान पर लगाई गई नौसैनिक नाकाबंदी को जारी रखकर और बातचीत में ऐसी मांगें करके जोकि बेतुकी है, तीसरी बार कूटनीति के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।
इससे पहले, ईरान अमेरिका समझौते को लेकर विशेष कक्ष में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दो घंटे लंबी चलने के बाद भी दुनिया को सिर्फ इंतजार ही हाथ लगा है। इस बैठक में खाड़ी में चल रही जंग को लेकर आखिरी फैसले पर बातचीत हुई और अंतिम फैसले का भरोसा दिया गया, लेकिन यह बैठक आखिरकार बेनतीजा खत्म हो गयी। जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के खास कमरे, सिचुएशन रूम में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम की बैठक बुलाई, तो बनाए गए माहौल से यह उम्मीद की जा रही थी कि वे किसी फैसले के साथ बाहर आएंगे।
उन्होंने दिन की शुरुआत में ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर इसके संकेत भी दिए थे कि ईरान के साथ एक अस्थायी व नाजुक समझौते पर अंतिम फैसला होने वाला है। लेकिन दो घंटे बाद वे बिना कुछ बोले बाहर निकल गए और दुनिया इंतजार करती रह गई। बैठक के बाद कोई घोषणा नहीं की गई और न ही किसी समझौते की पुष्टि हुई। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने केवल इतना संक्षिप्त आश्वासन दिया कि ट्रंप केवल वही समझौता करेंगे जो अमेरिका के लिए अच्छा हो और उनकी शर्तों को पूरा करता हो, जो कि तथ्य से ज्यादा एक रणनीतिक रुख को दर्शाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन