China is happy with India history making in space for SpaDeX mission praising openly भारत के इतिहास रचने से गदगद है चीन, दिल खोलकर कर रहा तारीफ, International Hindi News - Hindustan
More

भारत के इतिहास रचने से गदगद है चीन, दिल खोलकर कर रहा तारीफ

  • हमेशा पाकिस्तान का समर्थन करने वाला चीन भी इस उपलब्धि पर भारत की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाया।

Sat, 18 Jan 2025 03:09 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
भारत के इतिहास रचने से गदगद है चीन, दिल खोलकर कर रहा तारीफ

भारत ने एक बार फिर अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए एक नया इतिहास रच दिया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट (SpaDeX) मिशन के तहत दो उपग्रहों को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में डॉक किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारत को अमेरिका, रूस और चीन के बाद चौथा ऐसा देश बना दिया है, जिसने यह कठिन तकनीकी उपलब्धि हासिल की है।

चौंकाने वाली बात यह रही कि हमेशा पाकिस्तान का समर्थन करने वाला चीन भी इस उपलब्धि पर भारत की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाया। भारत में चीनी राजनयिक यू जिंग ने सोशल मीडिया पर लिखा, "भारत और इसरो को SpaDeX मिशन के तहत उपग्रहों के सफल डॉकिंग के लिए बधाई!"

चीन ने की दिल खोलकर तारीफ

यह पहली बार नहीं है जब चीन ने भारत की अंतरिक्ष सफलता को सराहा है। 2014 में जब भारत का मंगलयान (एमओएम) सफलतापूर्वक मंगल की कक्षा में पहुंचा था, तब भी चीन ने इसे मानवता के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया था। हाल ही में 2023 में, भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर भी चीनी मीडिया ने भारत को बधाई दी थी और दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया था। गौरतलब है चीन ने अपने पहले मंगल मिशन ‘तियानवेन-1’ को 2020 में लॉन्च किया था, जो 2021 में मंगल की कक्षा में पहुंचा। इससे पहले 2011 में उसका 'यिंगहुओ-1' मिशन असफल रहा था। दूसरी ओर, भारत ने अपने पहले ही प्रयास में मंगल की कक्षा में प्रवेश करके एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था।

SpaDeX मिशन क्यों है खास

SpaDeX मिशन के तहत इसरो ने दो उपग्रहों (SDX-01 और SDX-02) को अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक जोड़ा। यह तकनीक भविष्य के महत्वाकांक्षी मिशनों जैसे चंद्रयान-4, गगनयान, भारत के अंतरिक्ष स्टेशन भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन, और चंद्रमा पर मानव को उतारने में बेहद अहम भूमिका निभाएगी। इसरो के नए अध्यक्ष वी. नारायणन ने इस सफलता पर कहा, "यह भारत के अंतरिक्ष अभियान में मील का पत्थर है। टीम की कड़ी मेहनत ने यह संभव किया।" इसरो ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि का वीडियो भी साझा किया, जिसमें उपग्रहों को डॉकिंग करते हुए दिखाया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।