America pause US military aid to Kyiv after Donald Trump Volodymyr Zelenskyy dust up यूएस ने यूक्रेन पर पानी की तरह बहाया पैसा, अब डोनाल्ड ट्रंप ने रोकी सैन्य सहायता; क्या होगा असर, International Hindi News - Hindustan
More

यूएस ने यूक्रेन पर पानी की तरह बहाया पैसा, अब डोनाल्ड ट्रंप ने रोकी सैन्य सहायता; क्या होगा असर

  • आंकड़े बताते हैं कि फरवरी 2022 में युद्ध की शुरुआत से यूक्रेन अमेरिकी विदेशी सहायता का प्रमुख प्राप्तकर्ता बन गया है। यह पहली बार है जब एक यूरोपीय देश इस स्थान पर पहुंचा है।

Tue, 4 March 2025 08:40 PMNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
यूएस ने यूक्रेन पर पानी की तरह बहाया पैसा, अब डोनाल्ड ट्रंप ने रोकी सैन्य सहायता; क्या होगा असर

अमेरिका ने यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता पर अस्थायी रोक लगा दी है। रूस और यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह फैसला बेहद अहम है। राष्ट्रपति ट्रंप और वलोडिमिर जेलेंस्की के बीच ओवल ऑफिस में हुए विवाद के बाद यह कदम उठाया गया। दोनों नेताओं के बीच नोकझोंक का वीडियो क्लिप दुनियाभर में देखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने व्हाइट हाउस में शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं, जिसके बाद यूक्रेन को सैन्य सहायता पर रोक लगाने का फैसला लिया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि यूएस की ओर से यूक्रेनी सेना पर कितना खर्च किया जा रहा था और इसका उस पर क्या असर पड़ेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झुकेंगा नहीं यूक्रेन, US की मदद के बिना भी नहीं टूटा; लेगा रूस से लोहा
ये भी पढ़ें:ट्रंप ने झटका तो EU ने थामा हाथ, यूक्रेन को लिया साथ; 800 अरब यूरो का क्या प्लान

सीएनएन ने एक अधिकारी के हवाले से बताया, 'यूक्रेन को सैन्य सहायता की सप्लाई पर यह रोक तब तक जारी रहेगी जब तक जेलेंस्की शांति वार्ता की ओर कदम बढ़ाने का वादा नहीं करते।' आंकड़े बताते हैं कि फरवरी 2022 में युद्ध की शुरुआत से यूक्रेन अमेरिकी विदेशी सहायता का प्रमुख प्राप्तकर्ता बन गया है। यह पहली बार है जब एक यूरोपीय देश इस स्थान पर पहुंचा है। इससे पहले यूएस की हैरी एस. ट्रूमैन सरकार ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद महाद्वीप के पुनर्निर्माण के लिए बड़ी धनराशि मुहैया कराई थी। इसके लिए मार्शल योजना लागू की गई थी।

2022 से 2024 तक 119.7 बिलियन डॉलर खर्च

जर्मनी स्थित थिंक टैंक कील इंस्टीट्यूट यूक्रेन के लिए सहायता पर नजर रखता है। इसके मुताबिक, जनवरी 2022 से दिसंबर 2024 तक यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका की ओर से 119.7 बिलियन डॉलर खर्च किया गया है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस ने ऑपरेशन एटलांटिक रिजॉल्व के तहत कुल खर्च पर आंकड़ा दिया है। इसके अनुसार, करीब 182.8 बिलियन डॉलर की धनराशि लगाई गई। इसमें यूरोप में यूएस सैन्य प्रशिक्षण और अमेरिकी रक्षा भंडार पर खर्च शामिल है। यूएस ब्यूरो ऑफ पॉलिटिकल-मिलिट्री अफेयर्स के अनुसार, सरकार ने 24 फरवरी 2022 को रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेन को 65.9 बिलियन डॉलर की केवल सैन्य सहायता दी गई है।

55 मौकों पर यूक्रेन को भेजी गई धनराशि

अगस्त 2021 से देखें तो राष्ट्रपति की आपातकालीन ड्रॉडाउन अथॉरिटी ने 55 मौकों पर यूक्रेन को लगभग 27.688 बिलियन डॉलर की सैन्य सहायता दी है, जो डिफेंस डिपार्टमेंट के भंडार से दी गई थी। मालूम हो कि इस धनराशि का इस्तेमाल यूक्रेन के विभिन्न लोगों और संस्थाओं की मदद के लिए किया जा रहा है। इनमें शरणार्थी, कानून प्रवर्तन और स्वतंत्र रेडियो प्रसारक भी शामिल हैं। हालांकि, अधिकांश सहायता सैन्य संबंधित रही है। ये आंकड़े बताते हैं कि रूस के खिलाफ युद्ध में अमेरिका कितनी मजबूती से यूक्रेन के साथ खड़ा रहा। मगर, डोनाल्ड ट्रंप की सत्ता में वापसी से चीजें तेजी से बदल रही हैं। ट्रंप शांति समझौता पर जोर दे रहे हैं। साथ ही, सैन्य सहायता पर रोक लगाने से यूक्रेन को तगड़ा झटका लगा है। रूस के खिलाफ युद्ध में उसकी स्थिति कमजोर हो सकती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।