himachal pradesh crime shimla police arrest chitta smuggler from up who escaped from lockup शिमला में लॉकअप से फरार चिट्टा तस्कर दबोचा, हिमाचल पुलिस ने कहां से किया अरेस्ट?, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शिमला में लॉकअप से फरार चिट्टा तस्कर दबोचा, हिमाचल पुलिस ने कहां से किया अरेस्ट?

हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने दो दिन पहले लॉकअप की ग्रिल काकर फरार हुए चिट्टा तस्कर को फिर गिरफ्तार कर लिया है। शिमला पुलिस ने आरोपी चिट्टा तस्कर आकाश माथुर को पकड़ने के लिए दिन-रात एक कर दिए थे।

Wed, 17 July 2024 09:29 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
शिमला में लॉकअप से फरार चिट्टा तस्कर दबोचा, हिमाचल पुलिस ने कहां से किया अरेस्ट?

हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने दो दिन पहले लॉकअप की ग्रिल काकर फरार हुए चिट्टा तस्कर को फिर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चिट्टा तस्कर आकाश माथुर (23) को उत्तर प्रदेश के इलाहबाद से दबोचा गया है। शिमला पुलिस उसे गिरफ्त में लेकर वापिस ला रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए शिमला पुलिस ने दिन-रात एक कर दिए थे। उसकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही थी। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटीं थीं। 

पुलिस को इस बात का पूरा अंदेशा था कि आरोपी हिमाचल की सीमा से बाहर जा चुका है। लिहाजा शिमला पुलिस बाहरी राज्यों की पुलिस से भी संपर्क में थी। फरारी के 72 घण्टों के भीतर तस्कर फ़िर पुलिस के शिकंजे में आ गया है। जानकारी अनुसार, आरोपी दूसरों के मोबाइल से अपने परिचितों से संपर्क साध रहा था। इससे पुलिस को उसके बारे में इनपुट मिली और उसे दबोचने के लिए जाल बिछाया गया। बुधवार को आरोपी इलाहबाद में दबोच लिया गया। 

शिमला के एसपी संजीव गांधी ने  आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को शिमला लाया जा रहा है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी बेहद शातिर और पेशेवर चोर है। उसके खिलाफ बाहरी राज्यों में चोरी व सेंधमारी के करीब 20 केस दर्ज हैं। चोंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पहले भी पुलिस की हिरासत से भागा था। 23 वर्षीय आरोपी आकाश माथुर दिल्ली का मूल निवासी है।

बीते रविवार की रात वह ढली पुलिस स्टेशन के लॉकअप से फरार हो गया था और वहां तैनात पुलिस को उसकी भनक तक नहीं लग पाई थी। लॉकअप की खिड़की की ग्रिल काटकर वह नौ दो ग्यारह हुआ था। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर गाज गिरने की तैयारी है।

आरोपी आकाश माथुर को ढली पुलिस ने बीते 9 जुलाई को भट्टाकुफर में नशीले पदार्थ चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 14.61 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार हुआ था। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज हुआ था। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया था और वह पुलिस रिमांड पर चल रहा था। ढली थाने में इसे हिरासत में रखा गया था। बीते रविवार की रात आरोपी थाने में लगी खिड़की की ग्रिल तोड़कर फरार हो गया था। 

थाने में डयूटी पर मौजूद पुलिस को इसकी भनक तड़के करीब साढ़े चार बजे लगी। इस मामले में दर्ज एफआईआर के मुताबिक आरोपी के फरार होने के बाद लॉकअप की गैलरी में लगी खिड़की की ग्रिल टूटी हुई पाई गई तथा ग्रिल से बंधी कम्बल से बनी रस्सी ग्रिल के बाहर लटकी हुई थी। आरोपी आकाश माथुर ने फरार होने के लिए थाने के लॉकअप की गैलरी में लगी खिड़की की ग्रिल से कम्बल को काटकर बनाई गई रस्सी का इस्तेमाल किया था। 

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।