IMD forecasts more snow in Himachal Pradesh commuters stranded as road turn slippery हिमाचल प्रदेश में IMD का नया अलर्ट, एक और पश्चिमी विक्षोभ से 3 दिन भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल प्रदेश में IMD का नया अलर्ट, एक और पश्चिमी विक्षोभ से 3 दिन भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश के लिए एक नया अलर्ट जारी किया है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार रात से राज्य के ऊपर सक्रिय है। इसके चलते राज्य भर में बारिश दर्ज की गई है, जबकि तीन से चार जिलों में बर्फबारी हुई है। 

Fri, 23 Jan 2026 04:06 PMSubodh Kumar Mishra एएनआई, शिमला
share
हिमाचल प्रदेश में IMD का नया अलर्ट, एक और पश्चिमी विक्षोभ से 3 दिन भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश के लिए एक नया अलर्ट जारी किया है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार रात से राज्य के ऊपर सक्रिय है। इसके चलते राज्य भर में बारिश दर्ज की गई है, जबकि तीन से चार जिलों में बर्फबारी हुई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हिमाचल प्रदेश में व्यापक हिमपात और भारी बारिश के लिए एक नया अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि फिसलन भरी सड़कों, ट्रैफिक जाम और ईंधन की कमी के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा

आईएमडी के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 26 जनवरी को राज्य को प्रभावित करेगा, जिससे अगले कुछ दिनों में कई जिलों में मध्यम से भारी बर्फबारी होंगी। एएनआई से बात करते हुए, आईएमडी हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार रात से ही राज्य भर में सक्रिय हो गया है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हुई है।

कुल्लू में 15 सेमी बर्फबारी दर्ज

शर्मा ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ कल रात से हिमाचल प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इसके चलते राज्य भर में बारिश दर्ज की गई है, जबकि तीन से चार जिलों में बर्फबारी हुई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह तक सबसे अधिक बर्फबारी कोठी (कुल्लू) में 15 सेमी दर्ज किया गया, इसके बाद लाहौल-स्पीति के गोंधला में 12 सेमी और चंबा में 6 सेमी बर्फबारी हुई। केलांग और मनाली में लगभग 4 सेमी, जबकि शिमला में लगभग 1 सेमी बर्फबारी हुई।

उन्होंने आगे कहा कि चंबा, कुल्लू, किन्नौर और शिमला के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी जारी है। ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में पिछले 24 घंटों में बारिश दर्ज की गई है। हमीरपुर में सबसे अधिक 25 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

26 से 28 तक भारी बर्फबारी की आशंका

शर्मा ने बताया कि मौजूदा मौसम संबंधी गतिविधियां देर रात तक जारी रहेंगी। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और कांगड़ा एवं मंडी के कुछ हिस्सों में बारिश होगी। 25 जनवरी को इसमें थोड़ी कमी आने की संभावना है। 26 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा, जिससे राज्य भर में बर्फबारी और बारिश होगी।

शर्मा ने कहा कि 26 से 28 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में व्यापक बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना है। लाहौल-स्पीति, चंबा, किन्नौर और कुल्लू जिलों में भारी बर्फबारी होने की आशंका है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में भारी गिरावट

उन्होंने आगे बताया कि दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है और कई इलाकों में यह सामान्य से 9 से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। शिमला में दिन का तापमान 0 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि कांगड़ा, बिलासपुर और आसपास के इलाकों में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा रहा है। कई जिलों के लिए शीतलहर, कोहरे और आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में भारी बर्फबारी से लोग बेहाल, 452 सड़कें और दो नेशनल हाईवे बंद
ये भी पढ़ें:लंबे इंतजार के बाद हिमाचल में हुई भारी बर्फबारी, दिल खोलकर झूमे सैलानी

बर्फबारी के कारण ट्रैफिक ठप

इस बीच, राज्य की राजधानी में बर्फबारी के कारण ट्रैफिक लगभग ठप हो गया है। सड़कें बेहद फिसलन भरी हो गई हैं और कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया है। पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, खासकर शिला से बाहर जाने वाले मार्गों पर।

एक स्थानीय टैक्सी चालक विक्रम ने बताया कि वह पर्यटकों के साथ चंडीगढ़ पहुंचने की कोशिश में एक घंटे से अधिक समय से ट्रैफिक में फंसा हुआ है। बर्फबारी शुरू होने के बाद से वाहन बुरी तरह फिसल रहे हैं। टायरों में हवा का दबाव कम करने के बाद भी गाड़ी चलाना बहुत मुश्किल है।

ईंधन की समस्या हो रही

विक्रम ने कहा कि पहले चंडीगढ़ पहुंचने में दो से तीन घंटे लगते थे, लेकिन अब पांच से छह घंटे लग सकते हैं। बर्फबारी अभी भी जारी है और पेट्रोल पंप बंद हैं, जिससे ईंधन की समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर वाहन लंबे समय तक फंसे रहे तो ईंधन की कमी के कारण कई वाहन बीच रास्ते में ही रुक सकते हैं।

आईएमडी ने निवासियों और पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। खासकर ऊंचे इलाकों में, क्योंकि 26 से 28 जनवरी के बीच भारी बर्फबारी से सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।