himachal pradesh weather snowfall thunderstorm 50 km toofani wind हिमाचल प्रदेश में 2 दिन होगी ओलावृष्टि, बर्फबारी की भी होगी; 50KM की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवा, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल प्रदेश में 2 दिन होगी ओलावृष्टि, बर्फबारी की भी होगी; 50KM की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवा

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिन यानी 15 और 16 मार्च को तेज़ अंधड़, बिजली कड़कने और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तूफानी हवाएं भी चलेंगी।

Sat, 14 March 2026 01:55 PMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल प्रदेश में 2 दिन होगी ओलावृष्टि, बर्फबारी की भी होगी; 50KM की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवा

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षो के एक्टिव होने की वजह से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिन यानी 15 और 16 मार्च को तेज़ अंधड़, बिजली कड़कने और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन दो दिनों में कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल जमकर बरस सकते हैं। इस दौरान तेज़ हवाओं के साथ बिजली कड़कने की संभावना है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। खासकर 15 मार्च को कई इलाकों में ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

17 मार्च को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, लेकिन इस दिन के लिए किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बाद 18 मार्च को मौसम फिर से सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग ने 18 मार्च को भी कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ अंधड़, बिजली कड़कने और बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि 19 और 20 मार्च को भी प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान है, लेकिन इन दिनों के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में मौसम मिला-जुला बना हुआ है। कहीं धूप खिली रही तो कहीं बादलों की आवाजाही देखी गई। बारिश न होने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार विंटर सीजन में इस बार सामान्य से कम बारिश और बर्फबारी हुई है। पिछले कुछ दिनों से बादलों के न बरसने की वजह से तापमान में उछाल आया है और कई जगहों पर लोगों को मार्च में ही गर्मी का एहसास होने लगा है।

कहां कितना तापमान

शनिवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। प्रमुख शहरों में तापमान की बात करें तो शिमला और सुंदरनगर में 12 डिग्री, भुंतर में 9.4 डिग्री, कल्पा में 3.5 डिग्री, धर्मशाला में 13.5 डिग्री, ऊना में 12.8 डिग्री और नाहन में 13.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा पालमपुर में 11 डिग्री, सोलन में 10.4 डिग्री, मनाली में 8.6 डिग्री, कांगड़ा में 12.8 डिग्री, मंडी में 12.7 डिग्री और बिलासपुर में 14 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।