Himachal pradesh weather forecast snowfall in many districts shimla mausam हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर, इन इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी; पूरे हफ्ते का हाल, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर, इन इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी; पूरे हफ्ते का हाल

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशनों शिमला, कुफरी और मनाली में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि नए साल का आगाज बर्फ की सफेद चादर के साथ हो सकता है। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव दर्ज किया गया है और आज राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है।

Fri, 26 Dec 2025 11:27 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान
share
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर, इन इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी; पूरे हफ्ते का हाल

बर्फबारी को तरस रहे हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशनों शिमला, कुफरी और मनाली में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि नए साल का आगाज बर्फ की सफेद चादर के साथ हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव दर्ज किया गया है और आज राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले की ऊंची पर्वत श्रंखलाओं में बीती रात से रुक-रुक कर बर्फ गिर रही है। इससे इन क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। वहीं राजधानी शिमला, कुफरी और मनाली में सुबह से घने बादल छाए हैं। मौसम के मिजाज से इन हिल स्टेशनों में भी बर्फबारी की उम्मीद मजबूत हुई है। मौसम विभाग ने 30 और 31 दिसंबर तथा 1 जनवरी को राज्य के पहाड़ी और उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

खास बात यह है कि शिमला, कुफरी और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अभी तक इस सीजन की पहली बर्फबारी नहीं हुई है। राजधानी शिमला में लगातार चौथा साल ऐसा है जब दिसंबर महीने में बर्फ नहीं गिरी है, जिससे क्रिसमस पर यहां उमड़े हजारों सैलानियों को मायूसी हाथ लगी। क्रिसमस के दौरान बर्फबारी न होने से पर्यटकों का उत्साह फीका रहा, लेकिन अब नए साल के मौके पर बर्फ गिरने की आस फिर से जाग गई है और होटल व पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग भी इसी उम्मीद में हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 27, 28 और 29 दिसंबर को प्रदेश में मौसम अधिकतर साफ और शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि इस दौरान मैदानी और निचले इलाकों में घने कोहरे का असर बना रहेगा। विभाग ने निचले व मैदानी क्षेत्रों के लिए इन तीन दिनों के लिए घने से बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह और देर रात बिलासपुर, मंडी और आसपास के इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो सकती है। आज सुबह सुंदरनगर में दृश्यता 70 मीटर और मंडी में 120 मीटर तक दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर में हल्का कोहरा छाया रहा।

तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसेरी में माइनस 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री, मनाली में 4.5 डिग्री और कुफरी में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल्पा में तापमान 2.6 डिग्री, नारकंडा में 5.4 डिग्री और रिकांगपिओ में 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, ऊना में 6.0 डिग्री, नाहन में 7.6 डिग्री, पालमपुर में 5.0 डिग्री, सोलन में 4.7 डिग्री, मंडी में 7.3 डिग्री, बिलासपुर में 7.0 डिग्री, हमीरपुर में 6.0 डिग्री और कांगड़ा में 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि नए साल के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की ठंड बढ़ सकती है। ऐसे में शिमला, कुफरी और मनाली में बर्फबारी होने की उम्मीद ने सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।