himachal pradesh weather after heavy snowfall sun हिमाचल प्रदेश के मौसम पर बड़ा अपडेट, भारी बर्फबारी के बाद खुला मौसम;खिली धूप, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल प्रदेश के मौसम पर बड़ा अपडेट, भारी बर्फबारी के बाद खुला मौसम;खिली धूप

हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद अब मौसम खुल गया है और गुरुवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप खिली रही। मैदानी और निचले इलाकों में कोहरे का कोई असर नहीं देखा गया।

Thu, 19 Feb 2026 02:35 PMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल प्रदेश के मौसम पर बड़ा अपडेट, भारी बर्फबारी के बाद खुला मौसम;खिली धूप

हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद अब मौसम खुल गया है और गुरुवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप खिली रही। मैदानी और निचले इलाकों में कोहरे का कोई असर नहीं देखा गया। इससे लोगों को ठंड के बीच राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा।

इस विंटर सीजन में पहली जनवरी से अब तक सामान्य से 28 फीसदी कम बारिश हुई है मौसम केंद्र के ताजा आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार सुबह कई शहरों के न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किए गए। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुंदरनगर में 9.5, भुंतर में 7.0 और धर्मशाला में 9.7 डिग्री दर्ज किया गया। ऊना में 12.0 डिग्री, नाहन में 8.8 डिग्री, पालमपुर में 8.0 डिग्री और सोलन में 3.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

पर्यटन स्थलों की बात करें तो मनाली में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और यहां 1.0 मिलीमीटर वर्षा भी रिकॉर्ड की गई। कांगड़ा में 10.7 डिग्री, मंडी में 10.3 डिग्री और बिलासपुर में 12.5 डिग्री तापमान रहा। जुब्बड़हट्टी में 9.4 डिग्री, कसौली में 9.0 डिग्री, पांवटा साहिब में 14.0 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 12.0 डिग्री दर्ज किया गया। सराहन में 5.6 डिग्री, सेओबाग में 5.5 डिग्री और बरठीं में 11.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में -2.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है और अधिकांश स्थानों पर यह सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान में कई जगह गिरावट दर्ज की गई, हालांकि कुछ स्थानों पर यह सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक ऊपर रहा।

आने वाले दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 से 22 फरवरी तक पूरे हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान धूप खिली रहने की संभावना है और किसी तरह की बारिश या बर्फबारी का व्यापक अनुमान नहीं है। 23 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद 24 और 25 फरवरी को मौसम के फिर से साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों के लिए राज्य में किसी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, बर्फबारी वाले ऊंचे क्षेत्रों में ठंड का असर बना हुआ है। राज्य के जनजातीय और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में तापमान अभी भी शून्य से नीचे बना हुआ है। इससे वहां कड़ाके की ठंड जारी है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।