himachal Pradesh ka aaj ka weather, barish se cool cool hua mousam भीषण गर्मी के बीच अचानक हुई बारिश से कूल-कूल हुआ हिमाचल का मौसम, IMD ने बताया कब तक रहेगी राहत, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

भीषण गर्मी के बीच अचानक हुई बारिश से कूल-कूल हुआ हिमाचल का मौसम, IMD ने बताया कब तक रहेगी राहत

मौसम में अचानक हुए इस बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट आई है, लेकिन रातें अब भी सामान्य से ज्यादा गर्म बनी हुई हैं। बीती रात शिमला प्रदेश की गर्म रातों में शामिल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है।

Fri, 22 May 2026 08:26 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, शिमला, हिमाचल प्रदेश
share
भीषण गर्मी के बीच अचानक हुई बारिश से कूल-कूल हुआ हिमाचल का मौसम, IMD ने बताया कब तक रहेगी राहत

भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। वेस्टर्न डिस्टरबेन्स के एक्टिव होने की वजह से सुबह शिमला, मनाली, चंबा, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा समेत कई इलाकों में बादल बरसे, हल्की बारिश हुई और तेज अंधड़ चला। हालांकि दोपहर तक अधिकांश जगह मौसम साफ हो गया, लेकिन सुबह हुई बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब रहने और 26 मई से फिर लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी शिमला में सुबह हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम ठंडा हो गया। वहीं मनाली और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। चंबा, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में भी तेज हवाओं और हल्की बारिश का असर देखने को मिला। बीते 24 घंटों के दौरान सुंदरनगर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, जोत और भुंतर में अंधड़ और बिजली चमकने की घटनाएं हुईं, हालांकि किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

6 डिग्री तक गिरा औसत अधिकतम तापमान

बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सबसे बड़ा असर ऊना और शिमला में देखने को मिला। ऊना का अधिकतम तापमान आज 44 डिग्री से गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि शिमला का पारा 30 डिग्री से घटकर 25 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को धर्मशाला में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, नाहन में 36.7, कांगड़ा में 33.3, धौलाकुआं में 32.7, नेरी में 32.4, सुंदरनगर में 31.2, मंडी में 31, चंबा में 29.8, जुब्बड़हट्टी में 27.2, भुंतर में 24.1, कल्पा में 21.4 और ताबो में 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रातें बनी हुई हैं सामान्य से ज्यादा गर्म

मौसम में अचानक हुए इस बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट आई है, लेकिन रातें अब भी सामान्य से ज्यादा गर्म बनी हुई हैं। बीती रात शिमला प्रदेश की गर्म रातों में शामिल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है।

40 से 50 की स्पीड से चलेगी हवा

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि 23, 24 और 25 मई को मध्यवर्ती और पर्वतीय इलाकों में मौसम खराब बना रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अधिकतर साफ रहेगा।

26 और 27 मई को फिर से चलेगी लू

मौसम विभाग ने 26 और 27 मई के लिए फिर से लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 मई को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि 26 मई से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने के बाद गर्मी फिर तेजी से बढ़ सकती है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।