हिमाचल में बर्फबारी का कहर! 1,291 सड़कें बंद, 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर ठप
हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदेश में 1,291 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं, जबकि करीब 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है।

हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदेशभर में 1,291 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं, जबकि करीब 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है। दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। सड़कों को खोलने और स्थिति सामान्य करने के लिए लोक निर्माण विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के बाद सड़कों की बहाली के लिए प्रदेशभर में 385 मशीनें तैनात की गई हैं। इनमें जेसीबी, डोजर और स्नो ब्लोअर शामिल हैं। विभाग का मॉनिटरिंग सेल लगातार फील्ड से रिपोर्ट जुटा रहा है और प्राथमिकता के आधार पर मुख्य और संपर्क सड़कों को खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए बर्फबारी से पहले ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।
मंत्री के अनुसार सड़कों की बहाली के लिए चरणबद्ध लक्ष्य तय किया गया है। आज शाम तक 625, कल 25 जनवरी को 290 और 26 व 27 जनवरी तक 324 सड़कों को बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे ताकि यातायात जल्द से जल्द सुचारू किया जा सके।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लंबे समय के शुष्क दौर के बाद हुई यह बर्फबारी राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। इससे बागवानों और किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है और सेब सहित अन्य फसलों के लिए यह बर्फबारी उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने इसे प्रदेश की आर्थिकी के लिए भी राहत भरा बताया।
पर्यटकों को लेकर मंत्री ने अपील की कि वे बर्फबारी के दौरान संयम बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें। कुछ वायरल वीडियो पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि असभ्य गतिविधियां हिमाचल की देव संस्कृति के विपरीत हैं और ऐसे मामलों में पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को पैनिक नहीं करना चाहिए और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।
लोक निर्माण मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि मशीनों की तैनाती पारदर्शी तरीके से की जा रही है और संसाधनों का दुरुपयोग नहीं होगा। सरकार का फोकस जल्द से जल्द सड़कों को सुरक्षित रूप से खोलकर लोगों को राहत पहुंचाने पर है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन