two women attempted suicide along with six children; 5 innocent children died. गुजरात में दो घटनाओं में 5 मासूमों की मौत, उजड़े हंसते-खेलते परिवार, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

गुजरात में दो घटनाओं में 5 मासूमों की मौत, उजड़े हंसते-खेलते परिवार

खुदकुशी की कोशिश की दूसरी घटना दाहोद शहर के गोदी रोड इलाके में हुई, जहां पर एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी ने कथित तौर पर अपने दो नाबालिग बेटों को जहर देने के बाद खुद भी जहर पी लिया।

Thu, 16 April 2026 10:14 PMSourabh Jain पीटीआई, दाहोद, गुजरात
share
गुजरात में दो घटनाओं में 5 मासूमों की मौत, उजड़े हंसते-खेलते परिवार

गुजरात के दाहोद जिले से गुरुवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जहां आत्महत्या की कोशिश के दो अलग-अलग मामलों में पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इन दोनों ही घटनाओं में मां ने बच्चों के साथ जान देने की कोशिश की, जिसकी वजह से बच्चे काल के गाल में समा गए जबकि दोनों महिलाएं गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

इनमें से एक घटना जिले की देवगढ़ बारिया तालुका के वदभेट गांव में हुई, जहां चंपा नाम की एक महिला ने कथित तौर पर अपने चार बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। मामले की जानकारी देते हुए दाहोद के पुलिस अधीक्षक रविराजसिंह जडेजा ने बताया कि इस घटना के बाद गांव वालों ने चंपा राठवा (37) और उसकी एक बेटी को तो बचा लिया, लेकिन उसके दो बेटे और एक और बेटी डूब गए।

कुएं में कूदी मां, तीन बच्चों की डूबने से मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि, 'महिला की हालत फिलहाल गंभीर है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उस महिला ने दावा किया कि वह किसी घरेलू समस्या के कारण परेशान थी।' महिला के मृतक बच्चों की पहचान प्रियंका (12), गिरिराज (5) और राजवीर (2) के रूप में हुई है।

कांस्टेबल की पत्नी ने बच्चों को जहर दिया, खुद भी पिया

वहीं खुदकुशी की कोशिश की दूसरी घटना दाहोद शहर के गोदी रोड इलाके में हुई, जहां पर किराए के घर में रहने वाले एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी ने कथित तौर पर अपने दो नाबालिग बेटों को जहर देने के बाद खुद भी जहर पीकर आत्महत्या की कोशिश की। इस दौरान अवनी उपाध्याय नाम की महिला ने अपने बेटों श्लोक (12) और रुद्र (2) को कोई जहरीला पदार्थ दिया और फिर खुद भी उसे खा लिया। इसके बाद तीनों को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

मानसिक रूप से कमजोर बेटे को लेकर होता था विवाद

इस घटना की जानकारी देते हुए SP जडेजा ने कहा, 'हमें पता चला कि अवनी का 12 साल का बेटा मानसिक रूप से कमजोर था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच संबंध बेहद तनावपूर्ण थे और घर का माहौल भी ठीक नहीं रहता था, जिसके चलते अक्सर घरेलू झगड़े होते रहते थे। इसी वजह से महिला काफी तनाव में थी।' उन्होंने कहा कि 'महिला के होश में आने के बाद हम विस्तृत जांच करेंगे।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।