गुजरात के दो लोगों ने खोजा आपदा में अवसर, कमी की अफवाहों का फायदा उठा खोल लिया अवैध पेट्रोल पंप
गुजरात की अमरेली पुलिस ने बताया कि यह गोरखधंधा अमरोली से वेलंजा जाने वाली सड़क पर अंजनी इंडस्ट्रीज नहर के पास 'जय द्वारकाधीश टी स्टॉल' के बगल में चल रहा था।
गुजरात के सूरत शहर में पुलिस ने अवैध रूप से मिनी पेट्रोल पंप चलाकर ईंधन बेच रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कम कीमत पर घटिया गुणवत्ता वाला डीजल बेच रहे थे। अमरेली पुलिस ने शुक्रवार को इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान भरत भाई केरासिया (43) और महेश खिसडिया (32) के रूप में हुई है, जिनके पास से कुल 22 लाख रुपए के सामान के साथ कुल 800 लीटर घटिया क्वालिटी का डीजल भी जब्त किया गया।
इंस्पेक्टर जेबी वानर ने PTI को बताया कि, 'दोनों ने अमरोली-वेलंजा रोड पर अंजनी इंडस्ट्रीज नहर के पास एक चाय की दुकान के बगल में एक अवैध फ्यूल पंप लगा रखा था। दोनों आरोपियों से हमने 22 लाख 69 हजार 600 रुपए का सामान ज़ब्त किया है, जिसमें 22 लाख रुपए के दो तेल टैंकर, 61 हजार 600 रुपए की कीमत का 800 लीटर घटिया क्वालिटी का डीजल और 8 हजार रुपए के मोबाइल फोन शामिल हैं।'
चाय दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा
पुलिस ने बताया कि यह गोरखधंधा अमरेली से वेलंजा जाने वाली सड़क पर अंजनी इंडस्ट्रीज नहर के पास 'जय द्वारकाधीश टी स्टॉल' के बगल में चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां पर अवैध रूप से एक पेट्रोल पंप बनाया गया है और आरोपी बाजार दर से काफी कम कीमत पर यानी सिर्फ 77 रुपए प्रति लीटर की दर से घटिया डीजल बेच रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने यहां इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से भरत भाई केरासिया भावनगर के कतारगाम की मणिबाग सोसाइटी का रहने वाला है, वहीं दूसरा आरोपी महेश खिसडिया अमरेली के कपोदरा की गायत्री सोसाइटी का निवासी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों की पहचान भावनगर के दिनेशभाई कटारिया और अशोकभाई कुवाडिया के रूप में हुई है, जिनकी तलाश फिलहाल जारी है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और इस रैकेट में शामिल दो और लोगों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन