PM मोदी भव्य रोड शो के बाद सोमनाथ मंदिर पहुंचे, 11 तीर्थों के जल से शिव का अभिषेक
Somnath Amrit Mahotsav: पीएम मोदी गुजरात दौरे पर हैं। उन्होंने सोमनाथ अमृत महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए रोड शो किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पीएम का जोरदार स्वागत किया। रोड शो के बाद पीएम ने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने सोमनाथ अमृत महोत्सव में हिस्सा लेने से पहले भव्य रोड शो किया। रोड शो के दौरान सड़कों पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और समर्थकों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रोड शो के बाद पीएम मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। सोमनाथ मंदिर के शिखर का देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से अभिषेक किया गया।
सोमनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और भारत की अटूट आस्था तथा सभ्यतागत विरासत का प्रतीक है। भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा 1951 में पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन किए जाने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमनाथ अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
गुजरात दौरे पर पीएम मोदी
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे पर हैं और वे सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होने के साथ वडोदरा में सरदार धाम का उद्घाटन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 10 मई की रात जामनगर पहुंचे थे, जहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संघवी ने कहा कि पूरे गुजरात में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है।
सोमनाथ में विशेष पूजा-अर्चना
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ पहुंचने के बाद भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद शाम को वह वडोदरा में सरदार धाम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मेगा रोड शो की तैयारी की गई है।
PM मोदी ने लिखा था विशेष लेख
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 मई को सोमनाथ मंदिर यात्रा से पहले एक विशेष लेख भी शेयर किया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि 11 मई का दिन सोमनाथ और भारतीय सभ्यता की महानता के संदर्भ में बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने अपने लेख में उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने सदियों तक चुनौतियों का सामना करते हुए सोमनाथ मंदिर की रक्षा की और उसकी गरिमा को फिर से स्थापित किया।
‘विध्वंस से सृजन’ की यात्रा
अपने लेख में पीएम मोदी ने कहा कि इस बार की यात्रा पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। उन्होंने इसी साल आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भी जिक्र किया, जो मंदिर पर हुए पहले हमले के 1000 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया था। प्रधानमंत्री ने सोमनाथ की यात्रा को “विध्वंस से सृजन” की यात्रा बताया और कहा कि यह मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना, आस्था और पुनर्जागरण का प्रतीक है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन