ये अंधेरी रात है, बड़ी लंबी रहने वाली है; गुजरात में जनसभा के बीच मुस्लिमों से क्या बोले ओवैसी
जनसभा के दौरान ओवैसी ने कहा, ‘अरे ट्रम्प से डरने वालों, तुम हमको बुलडोजर से डराते। हम मर जाएंगे, लेकिन सर नहीं झुकाएंगे किसी जालिम के आगे। जम्हूरियत के दायरे में रहकर हमको अपनी लड़ाई लड़ना है।’

AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि जब तक देश में मुसलमानों को न्याय नहीं मिलता, तब तक भारत 'विश्वगुरु' नहीं बन सकता। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर मुसलमानों को मारकर इस देश के हिंदुओं का भला हो सकता है तो सबसे पहले मुझे मार दो, मैं मरने को तैयार हूं। यह बात उन्होंने गुजरात में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों से पहले भुज में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इसके साथ ही उन्होंने अपने समुदाय के लोगों से कौम के भीतर नए-नए राजनीतिक नेतृत्व को उभारने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि अगर इस देश में अंधेरे को खत्म करना है तो हम मुसलमानों को आगे बढ़कर हमारे बच्चों और अपने आपको ताकतवर बनाना पड़ेगा।
भुज कस्बे में गुरुवार रात को एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'अगर इस देश को विश्वगुरु या महाशक्ति बनना है, तो यह तब तक संभव नहीं है जब तक भारत के मुसलमानों को उनके अधिकार नहीं मिल जाते।' उन्होंने मतदाताओं से भुज नगरपालिका और जिले की विभिन्न तालुका पंचायतों में चुनाव लड़ रहे AIMIM उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की।
'केवल वोट डालने वाले मत बनो'
सभा के दौरान मुसलमानों से नेतृत्वकर्ता बनने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, 'ये काम आप कर सकते हैं, ये काम आपको करना है, सिर्फ वोट डालने वाला बनने से काम नहीं होगा, वोट लो, नेता बनो, लीडर बनो, सिर्फ वोटर मत बनो। अधिकार वाले नागरिक बनो, ताकि हम अपनी जिंदगियों में क्रांति को ला सकें।'
‘ये अंधेरी रात है, बड़ी लंबी रहने वाली है’
आगे उन्होंने कहा, 'कभी कांग्रेस थी तो फसाद होता था, अब भाजपा है तो जुल्म बढ़ता जा रहा है। नफरत कभी खत्म नहीं होगी याद रखो। ये अंधेरी रात है, ये रात बड़ी लंबी रहने वाली है। याद रखो मुसलमानों, अगर इस देश में अंधेरे को खत्म करना है तो हमको आगे बढ़कर हमारे बच्चों और अपने आपको ताकतवर बनाना पड़ेगा। सिर्फ नारा लगाने से अंधेरा नहीं छंटगा, जज्बाती भाषणों से इंसाफ नहीं मिलता, इस देश में इंसाफ उसी कौम को मिलता है, जिन्होंने अपना नेता खड़ा किया हो। और नेता आसमान या जमीन से नहीं आता, नेता तुम्हारे दरमियान से आएगा। जब एक गरीब का बेटा या गरीब की बेटी इस कौम का नेतृत्व करने को तैयार हो जाएगी तो कौम के हालात बदल जाएंगे।'
'मैं मरने को तैयार हूं, सबसे पहले मुझे मार दो'
सभा के दौरान उन्होंने गुजरात सरकार पर राज्य में मुसलमानों के खिलाफ बड़े पैमाने पर बुलडोजर अभियान चलाने का आरोप लगाते हुए कहा, 'अगर मुसलमान की मस्जिद और घर पर बुलडोजर चलेगा तो तुम्हारा क्या फायदा है, क्या तुम्हारे बेटे को नौकरी मिल जाएगी, क्या तुम्हारी तनख्वाह बढ़ जाएगी। बताओ अगर तुम्हारा फायदा हो रहा तो सबसे पहले मार दो मुझे, मैं मरने को तैयार हूं। अगर किसी हिंदू का फायदा होता हो तो मार दो मुझे।'
'देश दादा के बुलडोजर से नहीं बाबा के संविधान से चलेगा'
आगे उन्होंने कहा, 'गुजरात का एक डिप्टी सीएम कह रहा है, हम मामा के बुलडोजर से मस्जिद और दरगाह पर बुलडोजर चला दिए। अरे बच्चों के स्कूल नहीं हैं, बेटियों के जिस्म में खून कम है और आप मजा ले रहे हो इन चीजों का। वो कहते हैं कि दादा का बुलडोजर चलेगा, सुनो हर्ष साहब दादा की दादागिरी से देश नहीं चलेगा, देश चलेगा तो बाबा साहब के संविधान से चलेगा।'
'ट्रम्प गोरी चमड़ी वाला पागल व जालिम'
आगे ट्रम्प व अमेरिका के खिलाफ केंद्र व राज्य सरकार की चुप्पी पर हमलावर होते हुए ओवैसी ने कहा, ‘ट्रम्प ने रिट्वीट करके भारत को नरक का द्वार बताया है। इस पर कुछ बोलो ना यार, तुम ट्रम्प से क्यों डरते हो, ट्रम्प किसी का पप्पा तो नहीं है, गोरी चमड़ी का पागल है, जालिम है। हम बोल रहे हैं, लेकिन वो ट्रम्प को नहीं बोल सकते, ओवैसी को बोल सकते हैं। मैं तो भारत का हूं, ट्रम्प अमेरिकी है, लेकिन नहीं अमेरिका को नहीं बोलेंगे।’
आगे उन्होंने कहा, ‘अरे ट्रम्प से डरने वालों, तुम हमको बुलडोजर से डराते। हम मर जाएंगे, लेकिन सर नहीं झुकाएंगे किसी जालिम के आगे। जम्हूरियत के दायरे में रहकर हमको अपनी लड़ाई लड़ना है।’
इस मौके पर बैरिस्टर ओवैसी ने स्थानीय लोगों से 26 अप्रैल को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में पतंग के निशान पर अपने कीमती वोट का इस्तेमाल करके AIMIM के उम्मीदवारों को कामयाब करने की अपील भी की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन