Engage in relief work, help the victims, BJP leaders appeal after the plane crash राहत व बचाव कार्य में जुटें, पीड़ितों की मदद करें; विमान हादसे के बाद भाजपा नेताओं ने किससे की ऐसी अपील, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

राहत व बचाव कार्य में जुटें, पीड़ितों की मदद करें; विमान हादसे के बाद भाजपा नेताओं ने किससे की ऐसी अपील

अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) जा रही फ्लाइट AI 171 गुरुवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गई। इस विमान में चालक दल के 10 सदस्यों समेत कुल 232 नागरिक सवार थे।

Thu, 12 June 2025 04:38 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद, गुजरात
share
राहत व बचाव कार्य में जुटें, पीड़ितों की मदद करें; विमान हादसे के बाद भाजपा नेताओं ने किससे की ऐसी अपील

गुजरात के अहमदाबाद शहर में गुरुवार को हुए दुखद विमान हादसे के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव कार्य में मदद करने की अपील की है। उन्होंने विमान दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का अनुरोध भी किया है। उधर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी घटना को लेकर दुख जताया और बताया कि घायलों के इलाज के लिए उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इन नेताओं ने यह बातें सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहीं।

नड्डा ने लिखा- पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करें

अपनी पोस्ट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इस हादसे को लेकर दुख जताया और पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत एवं बचाव कार्य में मदद करने का अनुरोध किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'गुजरात के अहमदाबाद में विमान हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत ही दु:खद है। इस दु:खद घटना को लेकर गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल से बात की और स्वास्थ्य सुविधाओं एवं राहत कार्य की जानकारी ली। मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि सभी राहत व बचाव में जुटे और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद की जाए। मैं ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।'

गुजरात भाजपा अध्यक्ष ने भी की अपील

गुजरात भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने लिखा, 'अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना बहुत दुखद है। मैं इस त्रासदी से बहुत दुखी हूं। मैं भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे राहत कार्य में शामिल हों और सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें। मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर सभी शोकाकुल परिवारों को इस कठिन परिस्थिति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें और घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों।'

सीएम भूपेंद्र पटेल ने युद्ध स्तर पर इंतजाम करने को कहा

उधर इस हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मैं बहुत दुखी हूं। मैंने अधिकारियों को दुर्घटना में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य करने तथा घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को उपचार के लिए ले जाने वास्ते ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने तथा अस्पताल में उपचार की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।' आगे उन्होंने कहा, 'माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमितभाई शाह ने भी मुझसे बात की है तथा इस विमान दुर्घटना में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ टीमों और केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।'

बता दें कि गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) जा रही फ्लाइट AI 171 गुरुवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गई। इस विमान में चालक दल के 10 सदस्यों समेत कुल 232 नागरिक सवार थे। जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक हैं। यह विमान अहमदाबाद से दोपहर 1338 बजे रवाना हुआ था, और 5 मिनट बाद ही अहमदाबाद के मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बताया कि एयर इंडिया का B787 विमान VT-ANB, उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के पास थी, और उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:Live:शब्दों से परे हृदय विदारक;अहमदाबाद विमान हादसे पर PM मोदी का पोस्ट

डीजीसीए ने बताया कि विमान उड़ा रहे कैप्टन सुमित सभरवाल के पास 8200 घंटों का उड़ान अनुभव था, जबकि सह-पायलट के पास 1100 घंटों का उड़ान अनुभव था। एटीसी के अनुसार, विमान ने अहमदाबाद से रनवे 23 से 1339 IST (0809 UTC) पर उड़ान भरी थी। इसने एटीसी को मेडे कॉल दिया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल पर विमान ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया। दुर्घटना स्थल से भारी काला धुआं निकलता देखा गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।