Aadhaar Card on WhatsApp: अब वॉट्सएप पर भी मिलेगा आधार, जानिए इंस्टेंट डाउनलोड का तरीका
आधार कार्ड डाउनलोड करना और भी आसान हो गया है, क्योंकि सरकार ने WhatsApp से आधार डाउनलोड करने की सुविधा शुरू की है। MyGov Helpdesk चैटबॉट की मदद से नागरिक सीधे WhatsApp पर अपना आधार PDF में डाउनलोड कर सकते हैं।

डिजिटल इंडिया की दिशा में भारत सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अब आधार कार्ड डाउनलोड करने के लिए ना तो UIDAI की वेबसाइट पर जाने की जरूरत है और ना ही अलग से DigiLocker ऐप खोलने की। सरकार ने ऐसी सुविधा शुरू कर दी है, जिसके जरिए आप सीधे WhatsApp पर ही अपना आधार कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह नई सुविधा MyGov Helpdesk के आधिकारिक WhatsApp चैटबॉट की मदद से उपलब्ध कराई गई है।
अब तक आधार डाउनलोड करने की प्रक्रिया कई लोगों के लिए थोड़ी मुश्किल लगती थी। वेबसाइट पर लॉगिन करना, OTP का इंतजार करना और फिर PDF डाउनलोड करना समय लेने वाला काम था। अब WhatsApp के जरिए इस प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया गया है, क्योंकि ज्यादातर लोग पहले से ही इस ऐप को रोज यूज करते हैं।
कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी
नई सेवा का फायदा उठाने से पहले कुछ जरूरी शर्तें पूरी होना जरूरी हैं। आपके पास आधार से लिंक मोबाइल नंबर होना चाहिए, एक ऐक्टिव DigiLocker अकाउंट होना चाहिए और आपके फोन में MyGov Helpdesk का आधिकारिक WhatsApp नंबर +91-9013151515 सेव होना चाहिए।
आपको फॉलो करने होंगे ये स्टेप्स
आधार कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया बेहद आसान है,
- सबसे पहले +91-9013151515 नंबर को अपने मोबाइल में सेव करें।
- WhatsApp खोलें और इस नंबर पर ‘Hi’ या ‘नमस्ते’ भेजें।
- चैटबॉट की ओर से दिखाए गए मेन्यू में से DigiLocker सेवाएं चुनें।
- अपना DigiLocker अकाउंट कन्फर्म करें।
- अब अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें।
- आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, उसे डालकर वेरिफिकेशन करें।
- वेरिफिकेशन पूरा होते ही डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट दिखेगी।
- Aadhaar चुनें और आपका आधार कार्ड PDF फॉर्मेट में WhatsApp पर डाउनलोड हो जाएगा।
ध्यान रहे, एक बार में केवल एक ही डॉक्यूमेंट डाउनलोड किया जा सकता है। साथ ही, आधार का DigiLocker से लिंक होना जरूरी है। अगर आधार पहले से लिंक नहीं है, तो इसे DigiLocker ऐप या वेबसाइट के जरिए आसानी से ऐड किया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन