KING: सेट पर कैसा होता है शाहरुख खान का सुहाना संग बर्ताव? सौरभ शुक्ला ने बताई दिलचस्प बातें
शाहरुख खान और सुहाना खान किंग के जरिए पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आने वाले हैं। शूटिंग के दौरान सेट पर शाहरुख खान का उनकी बेटी के साथ बर्ताव कैसा होता है, सौरभ शुक्ला ने बताया।

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। सीनियर एक्टर सौरभ शुक्ला भी इस फिल्म में अहम किरदार निभा रहे हैं। सौरभ ने शूटिंग सेट पर दोनों बाप-बेटी की केमिस्ट्री को लेकर कई दिलचस्प बातें बताईं। सिद्धार्थ कनन के शो पर बातचीत में सौरभ ने बताया कि शाहरुख और सुहाना का रवैया पूरी तरह से प्रोफेशनल रहता है। शाहरुख अपनी बेटी के साथ एक सीनियर एक्टर की तरह नहीं, बल्कि किसी भी को-स्टार की तरह रिहर्सल करते हैं और सीन को बेहतर बनाने के लिए सजेशन्स देते हैं।
शाहरुख की कैसी है उनके बच्चों के साथ ट्यूनिंग?
सौरभ शुक्ला ने शाहरुख के साथ अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने फिल्म 'बादशाह' में उनके साथ काम किया था, तब वह एक उभरते हुए सितारे थे। शाहरुख की पर्सनैलिटी पर बात करते हुए सौरभ ने कहा कि वह एक कमाल के बिजनेसमैन हैं और उन्होंने अकेले दम पर अपना साम्राज्य खड़ा किया है। पिता के तौर पर शाहरुख खान की तारीफ करते हुए सौरभ ने उन्हें एक समझदार पिता बताया। उन्होंने कहा कि शाहरुख अपने बच्चों को लेकर पॉजेसिव या जरूरत से ज्यादा प्रोटेक्टिव नहीं हैं, बल्कि वह उन्हें अपनी आवाज रखने और खुद फैसले लेने की पूरी आजादी देते हैं।
फिल्म किंग में कैसा होगा शाहरुख खान का रोल?
शाहरुख खान ने एक फैन मीट के दौरान अपनी इस फिल्म और अपने किरदार के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि 'किंग' का उनका किरदार काफी दिलचस्प है, जिसे सिद्धार्थ आनंद और सुजॉय घोष ने बहुत प्यार से लिखा है। शाहरुख ने बताया कि इस किरदार में काफी बुराई है और वह एक 'किलर' की भूमिका निभा रहे हैं। शाहरुख का मानना है कि एक हीरो के तौर पर उन्हें अलग-अलग तरह के रोल करने चाहिए। चाहे वे इंस्पिरेशनल हों, कॉमिक हों या फिर डार्क।
सुहाना खान का डेब्यू और फिल्म की रिलीज डेट
शाहरुख खान ने यह भी कहा कि फिल्में बनाना अब मुश्किल हो गया है। इसलिए वह बहुत सावधानी से प्रोजेक्ट्स चुन रहे हैं। फिल्म 'किंग' से सुहाना खान अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। इससे पहले वह 2024 में नेटफ्लिक्स फिल्म 'द आर्चीज' में नजर आई थीं। फिल्म 'किंग' में शाहरुख और सुहाना के अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी और जयदीप अहलावत जैसे बड़े स्टार्स अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म सिनेमाघरों में 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन