सुलक्षणा पंडित ने संजीव कुमार से मंदिर में कहा था सिंदूर भर दो, मौत का भी निकला शॉकिंग कनेक्शन
सुलक्षणा पंडित संजीव कुमार से इतना प्यार करती थीं कि उनके निधने के बाद डिप्रेशन में रहने लगीं। उन्होंने जीवनभर शादी नहीं की और आखिरी सांस भी उस दिन ली जिस तारीख को संजीव ने शरीर छोड़ा था।

सिंगर और एक्ट्रेस सुलक्षणा पंडित नहीं रहीं। 6 नवंबर 2025 को 71 साल की उम्र में कार्डिएक अरेस्ट से उनका निधन हो गया। सुलक्षणा लंबे समय से बीमार थीं। मुंबई के नानावटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। अब उनकी मौत की तारीख से संजीव कुमार से स्पेशल कनेक्शन चर्चा में है। दरअसल सुलक्षणा संजीव कुमार से बेहद प्यार करती थीं। कहा जाता है कि संजीव कुमार ने शादी से इन्कार किया तो सुलक्षणा ने कभी अपना घर नहीं बसाया। उनके निधन के बाद वह डिप्रेशन में चली गईं। सुलक्षा ने उस तारीख को ही शरीर छोड़ा जिस पर संजीव कुमार दुनिया छोड़कर गए थे।
संजीव से शादी करना चाहती थीं सुलक्षणा
सुलक्षणा पंडित म्यूजिकल घराने से थीं। उनके भाई जतिन-ललित जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर हैं। सुलक्षणा बचपन से ही गा रही थीं। उन्होंने 1975 में संजीव कुमार के ऑपोजिट उलझन फिल्म से डेब्यू किया था। सुलक्षणा और संजीव ने संकोच और हेराफेरी में भी साथ काम किया था। सुलक्षणा को संजीव से प्यार था लेकिन संजीव पहले नूतन फिर हेमा मालिनी के प्यार में गिरफ्तार रहे। फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में सुलक्षणा ने बताया था, 'मैंने कभी किसी से इतना प्यार नहीं किया जितना उनसे। उनके बाइपास ऑपरेशन के बाद हम एक बार दिल्ली के हनुमान मंदिर गए थे। मैंने संजीवजी से कहा कि मेरी मांग में सिंदूर भर दें। मैंने उनसे शादी करने को कहा ताकि मैं उनकी देखभाल कर सकूं। पर उन्होंने मना कर दिया कि वह अपना पहला प्यार कभी नहीं भूल सकते।'
डिप्रेशन में आ गई थीं सुलक्षणा
संजीव के ना कहने के बाद सुलक्षणा का दिल टूट गया। इसके बाद उनका निधन 6 नवंबर 1985 को दिल का दौरा पड़ने से हो गया। उनकी उम्र उस वक्त 47 साल थी। संजीव के जाने के बाद सुलक्षणा डिप्रेशन में आ गईं और उनकी सेहत खराब रहने लगी। उन्होंने एक इंटरव्यू में भी कहा था कि करीबियों की मौतों का उनकी सेहत पर बहुत असर पड़ा।
उसी तारीख पर छोड़ा शरीर
सुलक्षणा बीमारी की हालत में अपनी बहन विजेयता के साथ रह रही थीं। उन्होंने घर से निकलना और लोगों से मिलना भी बंद कर दिया था। 2005 में सुलक्षणा बाथरूम में गिर गई थीं। उनके हिप की हड्डी टूटने के बाद चार सर्जरी की गई थीं। मानसिक तनाव और शारीरक कष्ट के बाद सुलक्षणा बीमार रह रही थीं। 6 नवंबर 2025 को उन्होंने आखिरी सांस ली। यह इत्तेफाक ही है कि उन्होंने 40 साल बाद उसी डेट को शरीर छोड़ा जिस तिथि पर संजीव कुमार का निधन हुआ था। इतना ही नहीं दोनों के जन्म का महीना भी एक ही था। सुलक्षणा 12 जुलाई 1954 को पैदा हुई थीं। संजीव 9 जुलाई 1938 को पैदा हुए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन