8 IMDb रेटिंग वाली साउथ की क्राइम थ्रिलर फिल्म, हिंदी में बन रहा है रीमेक, लीड में होंगे सनी देओल
Good Crime Thriller Film: आज हम आपको साउथ की उस क्राइम थ्रिलर फिल्म के बारे में बताएंगे जिसकी आईएमडीबी रेटिंग 8 है और जिसका हिंदी में रीमेक बनने जा रहा है।

साउथ की एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है। साल 2018 में आई थी और अभी अमेजन प्राइम वीडियो पर ट्रेंड कर रही है। ट्रेंड इसलिए कर रही है क्योंकि इसकी आईएमडीबी रेटिंग 8 है और हिंदी में इस फिल्म का रीमेक बन रहा है। खास बात ये है कि हिंदी रीमेक में सनी देओल लीड रोल प्ले कर रहे हैं। यही कारण है कि आज हम आपको इस फिल्म के बारे में बताने जा रहे हैं।
फिल्म का नाम
एम. पद्मकुमार के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का नाम ‘जोसेफ’ है। यह एक रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर की कहानी है जिसे उसकी बेमिसाल 'इन्वेस्टिगेशन स्किल्स' के लिए आज भी डिपार्टमेंट में याद किया जाता है। पुलिस से रिटायर होने के बाद जोसफ शराब के नशे में डूबा रहता है और अपनी पुरानी यादों के मलबे में जी रहा हाेता है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब एक संदिग्ध एक्सीडेंट होता है और जोसेफ को वापस लौटना पड़ता है।

क्यों देखें?
इस फिल्म में जोजू जॉर्ज ने लीड रोल प्ले किया है। जोजू जॉर्ज ने इस किरदार के लिए अपना सबकुछ झोंक दिया है। उनकी आंखों में दिखने वाला दर्द और केस सुलझाते वक्त की गंभीरता आपको फिल्म से बांधे रखती है। उन्हें इस रोल के लिए नेशनल अवाॅर्ड (स्पेशल मेंशन) भी मिला है।
इस फिल्म में क्या खास है?
फिल्म का दूसरा हिस्सा एक बहुत ही संवेदनशील और डरावने सच की ओर इशारा करता है। यह फिल्म अंगदान (Organ Donation) के पीछे चल रहे एक काले खेल और मेडिकल स्कैम की परतों को खोलती है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देता है। एक क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन वास्तव में कैसे काम करती है, छोटे-छोटे सुराग कैसे बड़ी तस्वीर बनाते हैं, ये सब फिल्म में बहुत अच्छे से दिखाया गया है।
सच्ची घटनाओं पर आधारित है फिल्म
फिल्म के बारे में एक खास फैक्ट यह भी है कि इसकी कहानी एक वास्तविक घटना से प्रेरित बताई जाती है। जब ये फिल्म आई थी तब इसने केरल में अंगदान से जुड़े नियमों और पारदर्शिता पर एक बड़ी बहस छेड़ दी थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन