क्या संजय दत्त को पता था होने वाले हैं मुंबई में ब्लास्ट? उज्ज्वल निकम बोले, वह हथियारों के लिए पागल था…
लॉयर उज्ज्वल निकम का कहना है कि संजय दत्त को पता था कि अबू सलेम हथियार लाया है। वह अगर समय रहते बता देते तो मुंबई में हुए ब्लास्ट रुक सकते थे। उन्होंने बताया कि संजय हथियारों के लिए क्रेजी थे।

पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम को लगता है कि संजय दत्त पहले बता देते तो शायद 1993 में हुए मुंबई बम ब्लास्ट नहीं होते। उज्ज्वल एक पॉडकास्ट में थे। वह पुराने कई चर्चित केसेज पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा था कि संजय बम ब्लास्ट में शामिल नहीं थे। हालांकि वह हथियारों के लिए दीवाने थे। उज्ज्वल ने कहा कि संजय दत्त को हथियारों के बारे में पता था, हालांकि यह नहीं जानते थे कि ब्लास्ट होने वाला है।
...तो नहीं होते ब्लास्ट
उज्ज्वल निकम शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर थे। उनसे 1993 मुंबई बम ब्लास्ट के बारे में पूछा गया कि ब्लास्ट में संजय दत्त का भी नाम आया था। उज्ज्वल को उनका स्टेटमेंट याद दिलाया गया कि कहा था कि अगर संजय शुरू में बता देते तो ऐसे दंगे नहीं होते। इस पर उज्ज्वल बोले, दंगे नहीं, बम ब्लास्ट नहीं होते।
हथियारों के शौकीन थे संजय
उज्ज्वल से पूछा गया कि इसमें संजय दत्त का क्या रोल था? इस पर उज्ज्वल बोले, संजय दत्त का मेरा जहां तक मानना है कि वह हथियारों के मामले में बहुत क्रेजी था। इसलिए उसने एके-56 राइफल खुद रख ली थी। 12 तारीख के पहले अबु सलेम एक ट्रक में हथियार लेकर आया था और संजय ने देखे थे। एक एके-56 खुद के पास रख ली और बाकी वापस कर दिए थे। लेकिन उसको भी सजा हुई। 7 साल की सजा हुई।
बम ब्लास्ट में नहीं था संजय का हाथ
संजय दत्त बड़ा नाम था तो क्या प्रेशर था? इस पर उज्ज्वल ने जवाब दिया, 'मुझ पर तो कोई प्रेशर नहीं था। कोर्ट ने जब संजय को सजा दी तो उनके वकील ने पहला अपराध बताकर दया की याचना की। मैंने विरोध किया और कहा कि संजय दत्त इससे पहले भी दाऊद इब्राहिम के करीबी आदमी से 9mm की पिस्टल खरीद चुके हैं। यह उनका पहला अपराध नहीं है। इस पर संजय को फायदा नहीं मिल पाया था।' उज्ज्वल आगे बोलते हैं, 'संजय दत्त बस हथियारों के लिए दीवाना था। उसका बम ब्लास्ट में हाथ नहीं था।' क्या संजय दत्त को पता था कि बम ब्लास्ट होने वाला है? उज्ज्वल बोले, मुझे नहीं लगता है कि संजय दत्त को पता था। हालांकि हथियारों के बारे में बता देते तो घटना ना होती।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन