फिल्म चलवाने के लिए गिड़गिड़ाए थे मनोज बाजपेयी, बताया- काम सिर्फ एक्टिंग पर खत्म नहीं होता
मनोज बाजपेयी ने बताया कि कैसे उन्होंने फिल्ममेकर्स के लिए पैसे अरेन्ज करवाने से लेकर फिल्म को अच्छा शो दिलवाने तक के लिए हाथ-पैर मारे हैं।

बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी अपनी नई वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर झेंडे' को लेकर चर्चा में हैं। ओटीटी पर मनोज बाजपेयी की कई फिल्में और वेब सीरीज आती रही हैं। एक हालिया इंटरव्यू में मनोज बाजपेयी ने बताया कि बात उनकी थिएट्रिकल रिलीज की हो या फिर ओटीटी रिलीज की, उनका काम सिर्फ एक्टिंग पर आकर खत्म नहीं होता है। नेशनल अवॉर्ड विनर एक्टर ने बताया कि कैसे उन्होंने अपनी फिल्मों के लिए डिस्ट्रिब्यूटर्स के सामने गिड़गिड़ाया है, ताकि उनकी फिल्म को एक ढंग का शो मिल सके।
पैसों की व्यवस्था करवाते थे मनोज
बॉलीवुड बबल के साथ बातचीत में मनोज बाजपेयी ने कहा, "मैं सभी शानदार शॉट देता था। वो शॉट जिनकी चर्चा हुआ करती थी। जिनका विश्लेषण किया जाता था। लेकिन कोई नहीं जातना कि वो शॉट देने के बाद मैं अपनी वैन में जाकर संभावित फिनांसर्स को पैसों के लिए कॉल करता था। उनसे कहता था कि पैसे दे दो, फिल्म करनी है, कि 10 दिन के बाद शूटिंग करने के पैसे नहीं हैं।" मनोज बाजपेयी ने उन चुनौतियों के बारे में बताया जिनका उन्होंने अपने करियर में सामना किया।
डिस्ट्रिब्यूटर के आगे गिड़गिड़ाए
एक्टर ने इसी इंटरव्यू के दौरान कहा, "जब आप ऐसी फिल्में करते हो, तो मेरी जिम्मेदारी होती है। फंडिंग कराना, फिल्म बिकवाना। डिस्ट्रिब्यूटर के ऑफिस से लेकर एग्जिबिटर के ऑफिस तक गिड़गिड़ाना। मैंने कहा- मुझे एक शो दे दो, बढ़िया शो दे दो। यहां तक मैंने किया है। मैं इन फिल्मों में सिर्फ एक्टर की हैसियत से नहीं रहता हूं। काम उससे भी आगे तक जाता है।"
सत्या, शूल, जुबैदा, एलओसी कारगिल, वीर जारा, राजनीति, आरक्षण, गैंग्स ऑफ वासेपुर, स्पेशल 26, अलीगढ़, अय्यारी और सोनचिरैया जैसी फिल्मों का हिस्सा रह चुके मनोज बाजपेयी की वेब सीरीज 'द फैमिली मैन' काफी चर्चा में रही थी। ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई इस सीरीज में मनोज बाजपेयी ने एक कॉमन मैन का रोल किया था जो कि सीक्रेट सर्विस करता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन