बजरंग दल दिखाएगा अपना खतरनाक रूप, VHP प्रवक्ता ने दी 'घूसघोर पंडत' को लेकर धमकी
Ghooskhor Pandat: विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने चेतावनी दी है कि समय रहते अगर फिल्म का टाइटल नहीं बदला गया तो विरोध प्रदर्शन तेज हो सकता है। विश्व हिंदू परिषद ने साफ कहा है कि अगर फिल्म का टाइटल नहीं बदला गया तो बजरंग दल और भी कड़े कदम उठा सकता है।

ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही फिल्म 'घूसखोर पंडत' को लेकर हंगामा बढ़ता जा रहा है। फिल्म के लीड एक्टर मनोज बाजपेयी और फिल्ममेकर नीरज पांडे ने सफाई जारी करते हुए कहा है कि उनका इरादा लोगों की भावनाएं आहत करने का नहीं था। उन्होंने कहा कि फिल्म का टाइटल ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधित्व नहीं करता है और सिर्फ फिल्म के लीड किरदार के बारे में है। हालांकि बावजूद इसके जनता में फिल्म के लिए आक्रोश कम होता नहीं दिख रहा है। विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता ने तत्काल प्रभाव से फिल्म का टाइटल बदलने की बात कही है।
हिंदुओं को टारगेट कर रहा है नेटफ्लिक्स
उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पुतले जलाए जाने के बाद अब विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने चेतावनी दी है कि समय रहते अगर फिल्म का टाइटल नहीं बदला गया तो विरोध प्रदर्शन तेज हो सकता है। विश्व हिंदू परिषद ने साफ कहा है कि अगर फिल्म का टाइटल नहीं बदला गया तो बजरंग दल और भी कड़े कदम उठा सकता है। समाचार एजेंसी ANI के साथ बातचीत में विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता श्रीराज नायर ने कहा कि संस्था ने कभी भी किसी रचनात्मक अभिव्यक्ति में दखल नहीं दिया है, लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म्स (खासतौर पर नेटफ्लिक्स) आए दिन हिंदुओं, साधु-संतों और देवी-देवताओं का मजाक उड़ा रहा है और हिंदू तीर्थ स्थलों को टारगेट कर रहा है।
'बजरंग दल अपना बुरा रूप दिखाएगा'
नायर ने कहा कि इस तरह की चीजें लंबे वक्त से की जा रही हैं। तुरंत एक्शन लेने की मांग करते हुए उन्होंने कहा, 'हमने सरकार से यह भी अपील की है कि यदि इस तरह की फिल्म और इसका टाइटल नहीं बदला गया, और इसमें दिखाई गई अनुचित चीजों को नहीं बदला गया, तो विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल अपना खतरनाक रूप दिखाएगा। इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। इसका नाम और इसमें दिखाई गई चीजों को वापस लेना चाहिए।' इधर यह सब चल रहा है और उधर FWICE ने भी विवादित टाइटल के इस्तेमाल के लिए फिल्म मेकर्स की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
क्यों हो रहा है फिल्म को लेकर बवाल?
फिल्म का प्रीमियर इस साल के अंत में नेटफ्लिक्स पर होने वाला है। हालांकि लगातार बढ़ रहे विवाद की वजह से फिलहाल इसका फ्यूचर काफी अनिश्चित नजर आ रहा है। विवाद बढ़ता देखकर मेकर्स ने फिलहाल इस फिल्म का टीजर सोशल मीडिया से हटा दिया है। बता दें कि फिल्म में मनोज बाजपेयी एक बिगड़ैल पुलिस ऑफिसर का किरदार निभा रहे हैं जो शादीशुदा होने के बावजूद अपनी पत्नी के साथ लॉयल नहीं है और रिश्वत भी लेता है। यही वजह है कि फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। देखना होगा कि यह विवाद कहां जाकर थमता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन