Box Office: क्या होगा धुरंधर-2 Vs टॉक्सिक का नतीजा? यश की किस्मत बदल देगा यह क्लैश
Dhurandhar 2: रणवीर सिंह और धुरंधर-2 की जोरदार टक्कर होने वाली है, लेकिन क्या होगा इस फिल्म का नतीजा? माना जा रहा है कि यह टक्कर यश को डेयरिंग सुपरस्टार बना सकती है।

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर-2' का टीजर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के टीजर में दिखाई गई ज्यादातर चीजें पार्ट-1 के पोस्ट क्रेडिट सीन्स में दी गई झलकियां ही हैं। कुछ नए सीन्स को जोड़कर फिल्म का टीजर तैयार किया गया है, यही वजह थी कि ज्यादातर लोग टीजर से निराश रहे। फिल्म धुरंधर-2 की रिलीज डेट शुरू में दिसंबर 2026 सोची गई थी, लेकिन अब यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होने जा रही है। दिक्कत यह है कि इसी दिन साउथ के सुपरस्टार एक्टर यश की फिल्म 'टॉक्सिक' भी रिलीज होगी। इस धमाकेदार टक्कर को लेकर क्या है ट्रेड विशेषज्ञ की राय? चलिए जानते हैं।
शुरू होगा अफवाहों का सिलसिला?
ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कादेल ने अपनी एक पोस्ट में लिखा, 'आज से पूरा इकोसिस्टम 'टॉक्सिक' पर दबाव बनाने के लिए एकजुट हो जाएगा ताकि धुरंधर-2 के साथ उसका क्लैश टाला जा सके। उम्मीद कीजिए कि आज ही से फिल्म को पोस्टपोन किए जाने के बारे में तमाम तरह की अफवाहें उड़ाई जाने लगेंगी। अगर इसके बावजूद भी 'टॉक्सिक' के मेकर्स सोलो रिलीज को चुनते हैं, तो यह एक स्मार्ट बिजनेस मूव होगा। क्योंकि फिल्म को अकेले रिलीज करना हमेशा प्रॉफिट को मैक्सिमाइज कर देता है।'
डेयरिंग सुपरस्टार बनकर उभरेंगे
तो इंडस्ट्री के सबसे डेयरिंग सुपरस्टार बनकर उभरेंगे साउथ के सुपरस्टार एक्टर यश? ट्रेड एक्सपर्ट ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'लेकिन अगर वो मैदान में डटे रहते हैं कि अपनी फिल्म 19 मार्च को ईद के मौके पर ही रिलीज करेंगे, तो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री और ट्रेड एक्सपर्ट मिलकर यश को इस देश के अभी तक के सबसे डेयरिंग सुपरस्टार के तौर पर उभरते देखेंगे। तो चलिए देखते हैं। बहुत ही दिलचस्प वक्त आने वाला है।' बता दें कि धुरंधर-2 और टॉक्सिक, ये दोनों ही इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शुमार हैं। दोनों ही फिल्मों में जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा।
नतीजे का दर्शकों को रहेगा इंतजार
KGF और KGF:2 जैसी ब्लॉकबस्टर हिट फिल्में दे चुके साउथ के सुपरस्टार एक्टर यश की फैन फॉलोइंग जहां बहुत ज्यादा है वहीं धुरंधर के पार्ट-1 के बाद अब पार्ट-2 को लेकर दर्शकों का एक्साइटमेंट चरम पर है। फिल्म की रिलीज डेट को बहुत ज्यादा पोस्टपोन करने की बजाए मेकर्स ने इसे वक्त रहते इसे रिलीज करने का फैसला किया है। लेकिन देखना यह है कि बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों की टक्कर देखने को मिलेगी या फिर समझदारी दिखाते हुए दोनों फिल्मों के स्टार्स अलग-अलग रिलीज डेट चुनेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन