बादशाह का गाना 'टटीरी' यूट्यूब से डिलीट, दो नई FIR दर्ज, सिंगर पर अब लगे ये गंभीर आरोप
Badshah Song Tatiri Controversy: अश्लीलता के आरोपों के साथ-साथ बादशाह पर सरकारी संपत्ति के गलत इस्तेमाल का मामला भी दर्ज हुआ है। उनका गाना यूट्यूब से डिलीट कर दिया गया है और 2 नई एफआईआर दर्ज की गई हैं।

मशहूर बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर बुरी तरह फंस गए हैं। सरकार की लीगल कम्प्लेंट के बाद यूट्यूब ने इस गाने पर बड़ा एक्शन लेते हुए इसे भारतीय डोमेन पर ब्लॉक कर दिया है। अब भारत में यूजर्स इस गाने को नहीं देख पाएंगे। रिलीज के महज एक हफ्ते के भीतर ही इस गाने ने यूट्यूब पर 50 मिलियन (5 करोड़) से ज्यादा व्यूज बटोर लिए थे, लेकिन अब चैनल पर गाने के कमेंट्स भी बंद कर दिए गए हैं। हरियाणा के कई अन्य जिलों में भी बादशाह के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की गई हैं।
यूट्यूब ने लिया बड़ा एक्शन, अश्लीलता का आरोप
बादशाह का गाना ‘टटीरी’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, लेकिन इसके लिरिक्स को लेकर विवाद शुरू हो गया। कई सामाजिक संस्थाओं ने इसके बोलों पर कड़ी आपत्ति जताई। शिकायत के आधार पर यूट्यूब ने इसे ब्लॉक कर दिया है। जिसकी वजह से इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी इसका डिस्ट्रिब्यूशन कम हो गया है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने इस गाने को 'असभ्य' और 'महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई' करने वाला बताया है। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों को बैग फेंकते और बस के ऊपर खड़े होकर नाचते दिखाया गया है, जिसे गलत उदाहरण माना जा रहा है।
रोडवेज बस और स्कूल के गलत इस्तेमाल पर FIR
अश्लीलता के आरोपों के साथ-साथ बादशाह पर सरकारी संपत्ति के गलत इस्तेमाल का मामला भी दर्ज हुआ है। जींद और नरवाना में बादशाह के खिलाफ दो नई एफआईआर दर्ज की गई हैं। जींद रोडवेज के महाप्रबंधक राहुल जैन ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई कि गाने में बिना अनुमति हरियाणा रोडवेज की बस का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने साफ किया कि विभाग का इस गाने से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं नरवाना के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सच्चा खेड़ा की मुख्य अध्यापिका शीला ने भी स्कूल परिसर में बिना इजाजत शूटिंग करने को लेकर सदर थाने में केस दर्ज कराया है।
हरियाणा की संस्कृति का अपमान: शिक्षा मंत्री
बादशाह के इस विवादित गाने की शूटिंग जींद जिले में हुई है, जिसे लेकर हरियाणा सरकार ने भी कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह के गानों के जरिए हरियाणा की संस्कृति का मजाक उड़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिस पाठशाला में शूटिंग हुई है, वहां हिंदी वर्णमाला लिखी दिखाई दे रही है, जिसे लेकर शिक्षा विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। सरकार ने पुलिस को पूरी जांच करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
खाप पंचायतों और संस्थाओं का भारी विरोध
बादशाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पंचकूला क्राइम ब्रांच में पहले ही एक एफआईआर दर्ज हो चुकी है, और अब महिला आयोग ने भी सिंगर को तलब कर लिया है। खाप पंचायतों और कई सामाजिक संगठनों ने इस गाने को हरियाणवी संस्कृति के खिलाफ बताते हुए इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की है। पुलिस अब 'आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया' उर्फ बादशाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में दर्ज मामलों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन