Asha Bhosle Dies: 92 की उम्र में आशा भोसले का निधन, इंडस्ट्री में छाया मातम, हेमा से मनोज बाजपेयी तक ने जताया शोक
92 साल की उम्र में गायिका ने आखिरी सांस ली। आशा ने ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थीं। शनिवार को गायिका की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। सिंगर के निधन से पूरी इंडस्ट्री में गहरा सदमा है।

बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद ही बुरी खबर सामने आ रही है। बॉलीवुड की दिग्गज सिंगर आशा भोसले अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 92 साल की उम्र में गायिका ने आखिरी सांस ली। आशा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थीं। शनिवार को गायिका की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। सिंगर के निधन से पूरी इंडस्ट्री में गहरा सदमा है। ऐसे में अब फैंस ही नहीं स्टार्स भी दिग्गज गायिका को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिग्गज सिंगर आशा भोसले के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, 'महान संगीत प्रतिभा आशा भोसले के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं। वह एक प्रेरणादायक और मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायिका थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक हमारे दिलों पर राज किया। उन्होंने कई बंगाली गीत भी गाए, और बंगाल में भी वह बेहद लोकप्रिय हैं। 2018 में हमने उन्हें अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंगविभूषण’ प्रदान किया था। उनके परिवार, उनके साथियों और दुनिया भर में फैले उनके लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।'
आपकी गोद में सिर रखकर ये तस्वीर ली थी
आशा के निधन पर 'अनुपमा' फेम सुधांशु पांडे का दिल टूट गया है। उन्होंने लेजेंड्री सिंगर के निधन पर पोस्ट शेयर कर शोक जाहिर किया। सुधांशु पांडे ने आशा ताई संग अपनी एक खूबसूरत तस्वीर शेयर कर कैप्शन में लिखा, 'आपकी गोद में सिर रखकर जब ये तस्वीर ली थी, तब नहीं सोचा था कि ये मेरी सबसे अनमोल धरोहर बन जाएगी। आप इस दुनिया को अपनी सुंदर आवाज से सजाकर चली गईं। हमेशा के लिए। हम आपको हमेशा याद करेंगे आई। अभी भी प्रार्थना कर रहा हूं कि ये खबर गलत हो।'
हेमा मालिनी ने जताया शोक
हेमा मालिनी ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया। उन्होंने आशा जी संग अपनी दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, 'आशा ताई अब हमारे बीच नहीं हैं! मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि कोई इतनी ज़िंदादिल इंसान, जिसने अपने गानों में इतनी जान और अंदाज भरा, वह हमें अकेला छोड़कर चली गई। यह मेरे लिए खासकर बहुत मुश्किल है, क्योंकि मेरा आशा जी के साथ एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव था - उन्होंने अपनी अनोखी आवाज़ और अंदाज़ से मेरे कई गानों को बेहद लोकप्रिय बनाया। लता जी और आशा जी, दोनों के साथ मेरा बहुत ही खास रिश्ता था; फिल्म इंडस्ट्री में मेरी सफलता में उन दोनों का योगदान बहुत बड़ा रहा है। यह महाराष्ट्र और पूरे भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई या जिसकी जगह कोई और कभी नहीं ले सकता!'
सिंगर हर्षदीप कौर ने दी आशा भोसले को श्रद्धांजलि
सिंगर हर्षदीप कौर ने भी आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'आशा भोसले जी, 'प्यार की आवाज’', अब हमारे बीच नहीं रहीं। इस खबर पर यकीन ही नहीं हो रहा। अभी पिछले महीने ही उनसे मिली थी और उनका आशीर्वाद लिया था। उनकी मौजूदगी ने हमेशा की तरह मुझे हैरान कर दिया। वह एक प्रेरणा थीं। संगीत की एक संस्था थीं। वह अपने सुरीले गानों के जरिए हमेशा हमारे साथ रहेंगी।'
मनोज बाजपेयी का टूटा दिल
बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'हममें से बहुत से लोगों की तरह, मैं भी आशा जी के गाने सुनते हुए ही बड़ा हुआ हूं। उनकी आवाज ने मुझे प्रेरित भी किया और मुझे उतना ही हैरान भी किया। उनकी आवाज में कुछ जादू सा था, जिस तरह वह एक ही समय में इतनी सारी भावनाओं को इतनी आसानी से अपनी आवाज में पिरो लेती थीं। एक एक्टर के तौर पर, मैं हमेशा इस बात की कायल रहा हूं कि वह कितनी सहजता से किसी भी गाने में जान डाल देती थीं। उनका संगीत कालजयी है और हमेशा हम सबके साथ रहेगा। एक ऐसी विरासत जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता। ओम शांति '
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन