अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या खेलेंगे? कोच ने दिया ये जवाब
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से विराट कोहली तो बाहर हो चुके हैं, लेकिन क्या हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा खेलेंगे, यह एक बड़ा सवाल है। उनकी फिटनेस को लेकर बैटिंग कोच ने बड़ा बयान दिया है। हालांकि, खेलने पर संशय बना हुआ है।

मुल्लांपुर, आठ जून (भाषा) भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को यह नहीं पता है कि अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला से पहले अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या ने फिटनेस परीक्षण पास किया है या नहीं, लेकिन उन्होंने सुना है कि ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी ठीक हैं।
पंड्या को पीठ में ऐंठन की समस्या थी जबकि रोहित को आईपीएल के दौरान पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी। दोनों आईपीएल के दौरान कई मैच नहीं खेल पाए थे और उन्हें बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में फिटनेस परीक्षण पास करने की शर्त पर एकदिवसीय टीम में चुना गया है।
कोटक ने दोनों के फिटनेस परीक्षण के बारे में पूछे जाने पर कहा, ''ईमानदारी से कहूं तो मुझे अभी तक यह खबर नहीं मिली है कि उन्हें मंजूरी मिली है या नहीं। लेकिन मुझे यकीन है कि वे वहां होंगे। मैंने जो सुना है उसके मुताबिक वे ठीक हैं, लेकिन उन्हें जाकर फिटनेस परीक्षण देना होगा या जो भी नियम है उसका पालन करना होगा।''
पता चला है कि रोहित फिटनेस परीक्षण के लिए बेंगलुरु में सीओई पहुंच गए हैं। कोटक ने बताया कि एकदिवसीय टीम सोमवार और मंगलवार को एकत्रित होगी। बुधवार को टीम दूधिया रोशनी में ट्रेनिंग करेगी और बृहस्पतिवार को धर्मशाला के लिए रवाना होगी। कोटक ने कहा, ''लेकिन एकदिवसीय खिलाड़ी मुल्लनपुर में टीम से जुड़ेंगे और परसों शाम को हल्का अभ्यास हो सकता है।''
बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच खत्म होने के बाद अब भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज भी इसी टीम के साथ भारत में ही खेलेगी। इस सीरीज के लिए विराट कोहली को चोट के कारण बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को रिप्लेसमेंट के रूप में चुना गया है। हालांकि, रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी खेलते हुए नजर आ सकते हैं, जैसा कि भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा, जिसके लिए वनडे टीम के खिलाड़ी मुल्लनपुर से ही टीम के साथ जुड़ेंगे। दूसरा वनडे मैच 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा, वहीं तीसरा और आखिरी मैच 20 जून को चेन्नई में होगा।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के वनडे मैचों के शेड्यूल
पहला वनडे: 13 जून, धर्मशाला
दूसरा वनडे: 17 जून, लखनऊ
तीसरा वनडे: 20 जून, चेन्नई
भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे मैचों के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
अफगानिस्तान की टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी
रिजर्व पूल: कैस अहमद, सलीम सफी, बशीर अहमद।





साइन इन