West Indies cricketer part of the national men s team accused of sexual harassment वेस्टइंडीज के स्टार क्रिकेटर पर यौन उत्पीड़न के आरोप; पीड़ितों में एक-दो नहीं, कम से कम 11 महिलाएं, Cricket Hindi News - Hindustan

वेस्टइंडीज के स्टार क्रिकेटर पर यौन उत्पीड़न के आरोप; पीड़ितों में एक-दो नहीं, कम से कम 11 महिलाएं

वेस्टइंडीज की राष्ट्रीय पुरुष टीम का हिस्सा एक क्रिकेटर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों से घिर गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कम से कम 11 महिलाओं ने क्रिकेटर पर रेप समेत यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।

Fri, 27 June 2025 04:04 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
वेस्टइंडीज के स्टार क्रिकेटर पर यौन उत्पीड़न के आरोप; पीड़ितों में एक-दो नहीं, कम से कम 11 महिलाएं

वेस्टइंडीज की राष्ट्रीय टीम में शामिल एक क्रिकेटर पर गुयाना में यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, कम से कम 11 महिलाएं पीड़ित हैं। दूसरी तरफ, क्रिकेट वेस्टइंडीज का कहना है कि उसे इस मामले की जानकारी ही नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स में क्रिकेटर की पहचान जाहिर नहीं की गई है।

स्पोर्ट्स मैक्स टीवी के मुताबिक कई पीड़ितों का दावा है कि जांच में लीपापोती की जा रही है। गुयाना के अखबार Kaieteur ने सबसे पहले क्रिकेटर पर लगे आरोपों पर रिपोर्ट प्रकाशित किया। उसने अपनी ताजा रिपोर्ट में 'मॉन्स्टर इन मैरून' शीर्षक से खबर प्रकाशित रिपोर्ट में बताया है कि आरोपी क्रिकेटर गुयाना का रहने वाला है।

अखबार लिखता है, 'वह दिन के उजाले में तनकर और गर्व से चलता है, मैरून पहनता है, ग्लोबल स्टेज पर वेस्ट इंडीज का प्रतिनिधित्व करता है। वह जाना-माना है। उसे आदर्श समझा जाता है लेकिन उसने जिन महिलाओं के साथ ज्यादती की, वो उसे हीरो नहीं मानतीं। वह एक शिकारी है।'

न्यूज रिपोर्ट में दावा किया है कि कम से कम 11 महिलाएं क्रिकेटर के यौन उत्पीड़न की शिकार हुई हैं, जिनमें एक टीनेजर भी है। अखबार ने दावा किया है कि क्रिकेटर के खिलाफ पीड़ितों के पास स्क्रीनशॉट्स, मेसेज, फोटो, वॉइस नोट, हॉस्पिटल विजिट जैसे सबूत हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक पीड़ित तो इतना टूट चुकी है, उस भरोसा डिग गया है कि अभी वह अस्पताल में है।

स्पोर्ट्स मैक्स टीवी ने जब क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) से क्रिकेटर पर लगे इन गंभीर आरोपों पर बात की, तब बोर्ड ने इसकी जानकारी होने से ही इनकार कर दिया। रिपोर्ट में सीडब्लूआई अध्यक्ष किशोर शैलो को कोट करते हुए लिखा गया है, 'क्रिकेट वेस्टइंडीज परिस्थितियों से अनजान है, लिहाजा वह इस समय इस पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है।'

वेस्टइंडीज की टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टेस्ट मैच की श्रृंखला खेल रही है। उसका पहला मैच बारबडोस में चल रहा है।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।