VIDEO: युवराज सिंह की शरण में ऋषभ पंत, IPL से पहले की स्पेशल ट्रेनिंग; आखिर क्या सीखा?
भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने युवराज सिंह के साथ स्पेशल ट्रेनिंग की है। पंत आईपीएल 2026 में एक्शन में नजर आएंगे। वह जनवरी में चोटिल हो गए थे।

आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत आईपीएल का 19वां सीजन शुरू होने से पहले पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह की शरण में पहुंचे हैं। उन्होंने युवराज के साथ मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में स्पेशल ट्रेनिंग की। पंत ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर ट्रेनिंग सेशन का वीडियो शेयर किया। वह पावर हिटिंग सीखते हुए नजर आए। उन्होंने युवराज की निगरानी में बड़े-बड़े शॉर्ट लगाने का अभ्यास किया। पूर्व ऑलराउंडर ने अंपायर की पोजीशन से बारीकी से पंत की तकनीक को देखा। उन्होंने 28 वर्षीय क्रिकेटर को सुझाव भी दिए।
ऋषभ पंत चोट से कर रहे वापसी
पंत हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। वह वनडे में केएल राहुल के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में सेकेंड चॉइस हैं। पंत चोटिल होने के कारण काफी समय से भारतीय टीम से बाहर हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच नवंबर 2025 में खेला, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट था। वह जनवरी में न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले चोटिल हुए थे। दरअसल, पंत के एक अभ्यास सत्र के दौरान 'थ्रो-डाउन' विशेषज्ञ की फेंकी हुई गेंद कमर के ऊपर लगने से उन्हें दाहिनी तरफ की 'इंटरनल ओब्लिक' मांसपेशियों में चोट (साइड स्ट्रेन) लग गई थी। वह फिट होने के बाद अब आईपीएल में एक्शन में दिखेंगे।
पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा
एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ''ऋषभ अपने व्हाइट बॉल करियर को फिर से पुनर्जीवित करने पर बहुत फोकस कर रहे हैं, इसीलिए उन्होंने आईपीएल 2026 से पहले युवराज से मदद मांगी। चेन्नई में एलएसजी कैंप के लिए जाने से पहले उन्होंने मुंबई में सीसीआई में युवराज के साथ तीन से चार दिनों तक कुछ ट्रेनिंग सेशन किए।'' लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान पंत का पिछला आईपीएल सीजन अच्छा नहीं रहा था। वह 14 मैचों में 24.45 के औसत से 269 रन ही बना पाए थे, जिसमें एक शतक है। एलएसजी अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही थी। पंत आईपीएल इतिहास के सबसे प्लेयर हैं। उन्हें एलएसजी ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था।
देखें ट्रेनिंग सेशन की वीडियो…
युवराज सिंह ने पिछले कुछ सालों में कई युवा खिलाड़ियों को मेंटोर किया है। उन्होंने भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा और पंजाब किंग्स के ओपनर प्रभसिमरन सिंह को ट्रेनिंग दी है। इन खिलाड़ियों ने युवराज से ट्रेनिंग लेकर अपने खेल को निखारा और बेरतरीन प्रदर्शन किया।





साइन इन