तिलक वर्मा ने IND vs PAK मैच पर किया रिएक्ट, बोले- हम पाकिस्तान से खेलने को लेकर...
भारत और पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को टक्कर होगी। भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने कहा कि टीम हाई वोल्टेज मैच के लिए तैयार है। पाकिस्तान ने बॉयकॉट के फैसले से यू-यूटर्न लिया है।

भारतीय टीम के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर रिएक्ट किया है। उन्होंने कहा कि टीम हाई वोल्टेज मैच के लिए उत्साहित है। उन्होंने यह बात नामीबिया मैच से पहले कही, जो गुरुवार को दिल्ली के मैदान पर आयोजित होगा। भारत की 15 फरवरी को चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भिड़ंत होगी। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में इंडिया मैच का बॉयकॉट करने का फैसला किया था। हालांकि, पाकिस्तान ने कुछ दिन की ड्रामेबाजी के बाद बॉयकॉट पर यू-टर्न ले लिया।
तिलक ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''सच कहूं तो हम इस मैच में खेलने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। हमें कल पता चला कि मैच होने वाला है। हम खेलने के लिए तैयार हैं। हम सभी टीमों पर नजर रखे हैं। हम गेंदबाजों को और बल्लेबाजों को देख रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''सभी खिलाड़ी और टीम के सदस्य खेलने के लिए तैयार हैं। अब हम 'मैच जोन' में हैं। योजना शुरू होगी। '' भारत के सहायक कोच रयान टेन डोएशे ने कहा था कि पाकिस्तान को कुछ फायदा हो सकता है क्योंकि वे कुछ समय से श्रीलंका में ही हैं और अपने सभी मैच वहीं खेलेंगे।
तिलक ने मैच के बारे में आगे कहा, ''हम एक बार में एक मैच पर ही ध्यान लगा रहे हैं तो देखेंगे। हमारे पास वीडियो विश्लेषण और तकनीक है, तो हम देखेंगे कि हम कैसे खेल रहे हैं। विकेट किस तरह बर्ताव कर रहा है। हम तैयार हैं। हर टीम के खिलाड़ी अलग-अलग तरह के शॉट खेलते हैं। हमें कौन से शॉट इस विकेट पर खेलने हैं और किन गेंदबाजों को कैसे खेलना है, उसकी योजना पहले से तैयार है। '' बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने मंगलवार को कहा कि इंडिया मैच बॉयकॉट का फैसला बांग्लादेश को 'सम्मान' दिलाने के उद्देश्य से लिया गया था।
बांग्लादेश को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने पर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि उसकी राष्ट्रीय टीम भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी। पीसीबी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बीच हुई बातचीत के बाद पाकिस्तान सरकार ने सोमवार देर रात बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया। नकवी ने कहा, "हमारी बातचीत का मुद्दा सिर्फ बांग्लादेश था। हमारा एकमात्र मकसद उन्हें सम्मान दिलाना और उनके साथ हुई नाइंसाफी को सामने लाना था। बांग्लादेश की जो भी मांगें थीं, उन्हें मान लिया गया। बस यही हमारा उद्देश्य था।''





साइन इन