अभिषेक शर्मा रन नहीं बनने पर हो गए थे निराश, टूर्नामेंट के दौरान कोच-कप्तान से हुई थी ये बातचीत
अभिषेक शर्मा भारत के चैंपियन बनने के बाद बताया कि वह बीच टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से बेहद निराश हो गए थे। हालांकि कोच और कप्तान ने उनका हौंसला बढ़ाया और कहा कि बड़े मैच जिताओगे।

भारतीय टीम तीन बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रनों से हराकर ट्रॉफी जीती। इस टूर्मामेंट में भारत को अलग-अलग खिलाड़ियों ने हर मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि कुछ खिलाड़ियों रन बनाने के लिए भी जूझते हुए नजर आए, जिसमें अभिषेक शर्मा का नाम सबसे आगे हैं। दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट में सिर्फ दो बार ही अर्धशतक लगा पाए और लगातार मैचों में खराब बल्लेबाजी की। अभिषेक ने फाइनल जीतने के बाद माना कि ये टूर्नामेंट उनके लिए काफी मुश्किल रहा। हालांकि उन्होंने कोच और कप्तान का उनपर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद भी किया।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कहा, "एक बात मेरे मन में काफी समय से थी। मैं पहले भी इसे शेयर करना चाहता था, लेकिन शायद आज उससे बेहतर दिन नहीं हो सकता। कप्तान और कोच को मुझ पर भरोसा था। एक समय ऐसा भी था जब मुझे खु़द पर शक होने लगा था। मैंने पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया था। यह टूर्नामेंट मेरे लिए काफी मुश्किल रहा। मैं बस अपनी प्रक्रिया पर ध्यान देने की कोशिश कर रहा था। हर मैच को अलग मानकर खेल रहा था। लेकिन यह आसान नहीं था। फिर भी मुझे इस टीम से प्यार है, क्योंकि जिस तरह सभी ने मेरा साथ दिया वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''पूरे साल मैं टीम के लिए अच्छा कर रहा था, लेकिन इस बड़े टूर्नामेंट में वैसा नहीं कर पा रहा था। फिर भी टीम और मैनेजमेंट ने मुझ पर भरोसा बनाए रखा। टूर्नामेंट के बीच में मैं भावुक हो गया था और कोच व कप्तान से बात करना चाहता था। उन्होंने मुझसे कहा कि तुम हमारे लिए बड़े मैच जिताओगे। दर्शकों ने भी मुश्किल समय में हमारा खूब साथ दिया।"
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने गत चैंपियन को जबरदस्त शुरुआत दिलाते हुए पावर प्ले के छह ओवर में 92 रन बनाए। इसके विपरीत 256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलेंड की टीम पावर प्ले में तीन विकेट पर 52 रन ही बना सकी। भारत ने रविवार को टी-20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी-20 विश्वकप खिताब जीतने वाली टीम बन गई है। चौथी बार विश्व कप फाइनल में खेल रही न्यूजीलैंड की टीम को हार का सामना करना पड़ा।





साइन इन