श्रेयस अय्यर को वनडे सीरीज से पहले मिली इस टीम की कप्तानी, शार्दुल ठाकुर हुए टीम से बाहर
श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज से पहले मुंबई की टीम की कप्तानी मिल गई है। अभी तक विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की टीम की कप्तानी करते हुए आ रहे शार्दुल ठाकुर टीम से बाहर हो गए हैं।

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए इस शर्त पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है कि वे जल्द फिटनेस हासिल कर लेंगे। 11 जनवरी से वनडे सीरीज शुरू होने वाली है। श्रेयस अय्यर टीम में शामिल हैं और उपकप्तान भी हैं। हालांकि, इससे पहले ही पता चल गया है कि वे 11 जनवरी को वडोदरा में खेले वाले पहले मुकाबले के लिए तैयार होंगे, क्योंकि वे 6 जनवरी को ही फिटनेस हासिल कर लेंगे। इसके पीछे की वजह ये है कि मुंबई की टीम की कप्तानी उनको मिल गई है।
श्रेयस अय्यर को 6 जनवरी को जयपुर में मुंबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी मैच खेलकर अपनी फिटनेस साबित करनी है। जाहिर है कि मुंबई की टीम की कप्तानी करने की हामी उन्होंने भरी है तो वे फिट भी हो चुके हैं। 5 जनवरी को वे जयपुर पहुंचने वाले हैं। अभी तक विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की टीम की कप्तानी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर कर रहे थे, जो कि अब टीम से बाहर हो गए हैं, क्योंकि उनको काफ इंजरी है। वे अब आगे इस टूर्नामेंट में मुंबई के लिए हिस्सा नहीं ले पाएंगे। शनिवार को शार्दुल ने अपना एमआरआई कराया था।
मुंबई को मंगलवार 6 जनवरी को हिमाचल के खिलाफ जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड में लीग फेज का अपना छठा मुकाबला खेलना है। इसके बाद 8 जनवरी को भी इसी मैदान पर मुंबई को पंजाब के खिलाफ अपना आखिरी लीग फेज का मुकाबला खेलना है। संभावना है कि इन दोनों मैचों में श्रेयस अय्यर खेल सकते हैं और फिर उसी शाम वे वडोदरा जा सकते हैं, जहां 11 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे इंटरनेशनल मैच भारत को खेलना है।
मुंबई क्रिकेट संघ ने श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया है, जिसका मतलब है कि उनको बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और श्रेयस अय्यर से फिटनेस रिपोर्ट भी मिली होगी। तभी वे कप्तानी के लिए तैयार हैं, क्योंकि कप्तान को हर समय मैदान पर रहना होता है। ऐसे में उनकी 50 ओवर की फील्डिंग फिटनेस का भी पता चल जाएगा। अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर उनको स्पलीन इंजरी हुई थी।





साइन इन