शिवम दुबे ने 20वें ओवर को लेकर खोला राज; मैं नर्वस था, पहले से ही तय हो चुका था कि…
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 20वां ओवर कौन डालेगा इस पर हर किसी की निगाहें थी, अक्षर पटेल का एक ओवर बाकी थी। मगर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शिवम दुबे को गेंद थमाकर हर किसी को चौंका दिया था।
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत के लिए 20वां और आखिरी ओवर कौन डालेगा? इस सवाल ने 5 मार्च की रात भारतीय फैंस की धड़कने बढ़ाई हुई थी। 254 के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड भारत के स्कोर के नजदीक पहुंच गया था। डेथ ओवर में भारत की कमाल की गेंदबाजी ने इंग्लिश टीम की गाड़ी पर लगाम लगाई थी, जिस वजह से आखिरी ओवर में उन्हें 30 रनों की दरकार थी। अक्षर पटेल का आखिरी ओवर बाकी था, मगर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 20वें ओवर के लिए शिवम दुबे को गेंद थमाकर हर किसी को हैरान कर दिया था। दुबे ने इससे पहले एक भी ओवर नहीं किया था, ऐसे में सेमीफाइनल मैच के नाजुक पल पर उन्हें पहला और आखिरी ओवर देना बड़ा ही मुश्किल फैसला था।
शिवम दुबे भी आखिरी ओवर डालने को लेकर नर्वस थे, हालांकि उन्होंने बताया कि यह पहले से ही तय हो चुका था कि अक्षर पटेल नहीं बल्कि वह खुद आखिरी ओवर डालने वाले हैं, जिस वजह से उन्होंने इसकी तैयारी कर ली थी।
शिवम दुबे ने BCCI के वीडियो में कहा, "मैं बस खुद को सपोर्ट करना चाहता था। मुझे पता था कि ओवर की पहली दो गेंदें बहुत जरूरी होंगी, इसलिए मेरा ध्यान उन्हें सही करने पर था क्योंकि इससे गेम का नतीजा तय हो सकता था। यह पहले ही तय हो चुका था कि मैं आखिरी ओवर डालूंगा। मैं निश्चित रूप से नर्वस था, वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का आखिरी ओवर डालना हमेशा मुश्किल होता है।"
बता दें, शिवम दुबे की पहली गेंद पर दो रन चुराने के प्रयास में शतकवीर जैकब बेथल रन आउट हो गए थे। पहली गेंद पर ही भारत ने मैच पर अपना शिकंजा कस दिया था। इसके बाद अगली दो गेंदों पर दुबे ने 2 ही रन दिए जिससे भारत की जीत सुनिश्चित हुई। जोफ्रा आर्चर ने जरूर दुबे की आखिरी तीन गेंदों पर बैक टू बैक छक्के लगाकर हैट्रिक पूरी की, मगर यह छक्के अब इंग्लैंड की जीत के लिए काफी नहीं रह गए थे।





साइन इन