senior players Babar Azam and Shaheen Shah Afridi to Be Dropped after fail to perform vs india Says Pak Team Source बाबर आजम-शाहीन अफरीदी पाकिस्तान की टीम से होंगे ड्रॉप, खराब प्रदर्शन से PCB नाखुश, Cricket Hindi News - Hindustan

बाबर आजम-शाहीन अफरीदी पाकिस्तान की टीम से होंगे ड्रॉप, खराब प्रदर्शन से PCB नाखुश

टी-20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 61 रनों की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव होने वाला है। पाकिस्तान के सीनियर खिलाड़ी बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को अगले मैच में ड्रॉप किया जा सकता है।

Mon, 16 Feb 2026 08:05 PMHimanshu Singh भाषा
share
बाबर आजम-शाहीन अफरीदी पाकिस्तान की टीम से होंगे ड्रॉप, खराब प्रदर्शन से PCB नाखुश

भारतीय टीम के खिलाफ रविवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के सीनियर खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। भारत ने कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। भारत के खिलाफ कोलंबो में अहम मुकाबले में नाकाम रहने के बाद नामीबिया के खिलाफ टी20 विश्व कप के अगले मैच में खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी की पाकिस्तानी टीम से छुट्टी हो सकती है। पाकिस्तानी टीम प्रबंधन के विश्वस्त सूत्र ने यह जानकारी दी।

सूत्र ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने भारत से मिली 61 रन से हार के बाद टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा को नाराजगी जता दी है। सूत्र ने कहा ,'' पीसीबी अध्यक्ष प्रेमदासा स्टेडियम से मैच खत्म होने से पहले ही चले गए क्योंकि पाकिस्तान की हार तय हो चुकी थी ।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पाकिस्तान को धोकर भारतीय खिलाड़ी इंडिया लौटे, अहमदाबाद में खेलेंगे अगला मुकाबला

सूत्र ने यह भी कहा कि नकवी ने पीसीबी के एक आला अधिकारी के जरिये मैनेजर को संदेश दिया है कि इस तरह का प्रदर्शन स्वीकार्य नहीं है । कोच माइक हेसन ने भी ड्रेसिंग रूम में टीम से बात करके कहा कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुरूप नहीं खेला । सूत्र ने कहा ,'' टीम प्रबंधन ने तय किया है कि अब बहुत हो चुका और बाबर आजम तथा शाहीन को आराम देकर सलमान मिर्जा और नसीम शाह या फखर जमां को उतारा जाये ।''

पूर्व कप्तान बाबर, शादाब खान और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी जैसे अनुभव खिलाड़ी रविवार रात कोलंबो में खेले गए एकतरफा मुकाबले में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। भारत के युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (40 गेंदों में 77 रन) ने पाकिस्तानी गेंदबाजी की जमकर धुलाई की। दूसरी तरफ भारत के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज बगलें झांकते हुए नजर आए।

पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, ''अगर यह मेरे हाथ में होता तो मैं बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनता। उन्हें पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के कई मौके मिले हैं, लेकिन कल वे फिर से नाकाम रहे।'' पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद हार पर विस्तार से बोलने को तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि पाकिस्तान की क्रिकेट टीम दबाव में आने पर चुनौती पेश करने में नाकाम रही है।

मियांदाद ने कहा, ''भाई बड़े मैचों में ही खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाना होता है। हमारे खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाए।''बाबर का हमेशा समर्थन करने वाले एक अन्य पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा कि इस करारी हार के बाद बाबर और शाहीन का टी20 करियर समाप्त हो जाना चाहिए।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।