'पिताजी मुझे नहीं पता कि जिंदगी कैसे चलेगी,' टी20 वर्ल्ड कप जीतकर रिंकू सिंह हुए इमोशनल
रिंकू सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद पिता को लेकर इमोशनल पोस्ट लिखी है। 28 वर्षीय बल्लेबाज के पिता का टूर्नामेंट के दौरान निधन हो गया था।

भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद अपने पिता को याद करते हुए एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है। उनके पिता खानचंद सिंह का टूर्नामेंट के दौरान निधन हो गया था। 58 वर्षीय खानचंद ने लंबी बीमारी के बाद दुनिया को अलविदा कहा। पिता के निधन के बाद रिंकू अपने घर थे लेकिन फिर भारतीय टीम से जुड़ गए। पिता की जब साउथ अफ्रीका मैच के बाद तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी, तब भी रिंकू टी20 वर्ल्ड कप छोड़कर घर आए थे। 28 वर्षीय बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में पांच मैच खेले लेकिन प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
'मुझे नहीं पता कि जिंदगी कैसे चलेगी'
रिंकू ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम पर पिता के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ''आपसे बात किए बिना इतने दिन कभी नहीं निकले। मुझे नहीं पता आगे कि जिंदगी आपके बिना कैसे चलेगी। पर मुझे हर कदम पर आपकी जरूरत पड़ेगी। आपने सिखाया था कि फर्ज सबसे आगे है। फील्ड पर बस आपका सपना पूरा करने की कोशिश कर रहा था। अब आपका सपना पूरा हो गया है तो बस यही लगता है कि काश आप मेरे पास होते। हर छोटी बड़ी खुशी में आपकी कमी खलेगी। बहुत मिस करूंगा आपको पापा। बहुत ज्यादा।''
लिवर के कैंसर से जूझ रहे थे पिता
रिंकू के पिता लिवर के कैंसर से जूझ रहे थे। उनका काफी समय से ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज हो रहा था। तबीयत बिगड़ने पर 21 फरवरी को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली वेंटिलेटर पर रखा गया था और 27 फरवरी तड़के अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले रिंकू की सफलता के पीछे उनके पिता का बहुत बड़ा हाथ रहा। अलीगढ़ में गैस सिलेंडर आपूर्ति का काम करने वाले खानचंद ने तमाम अभावों के बावजूद रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में हरसंभव मदद की।
भारत ने T20 WC जीत रचा इतिहास
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा है। भारत लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है। भारत तीन बार यह ट्रॉफी जीतने वाली इकलौती टीम है। एमएस धोनी भारत के पहले टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारत ने 2024 में दूसरा खिताब अपने नाम किया था।





साइन इन