पाकिस्तान ने काबुल पर की एयरस्ट्राइक, राशिद खान बोले- युद्ध से सिर्फ फूट और नफरत ही बढ़ेगी
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर एयरस्ट्राइक करके भारी तबाही मचाई है। इस पर क्रिकेटर राशिद खान का रिएक्शन आया है। उन्होंने कहा है कि युद्ध से सिर्फ फूट और नफरत ही बढ़ेगी।

पाकिस्तान ने एक बार फिर से अफगानिस्तान पर अटैक किया है। एयरस्ट्राइक के जरिए अफगानिस्तान के काबुल में पाकिस्तान ने तबाही मचाई है। इसका दावा अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी राशिद खान ने किया है। उनका कहना है कि ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक करके आम लोगों की जान ली है। उन्होंने यूएन और अन्य ह्यूमन राइट्स एजेंसियों से भी अपील की है कि इस मामले की जांच करें। पाकिस्तान इंसानी जानों की अनदेखी कर रहा है।
राशिद खान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की वजह से आम लोगों के मारे जाने की ताजा रिपोर्ट से मैं बहुत दुखी हूं। आम लोगों के घरों, पढ़ाई की जगहों या मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को जानबूझकर या गलती से निशाना बनाना एक वॉर क्राइम है। इंसानी जान की इतनी अनदेखी, खासकर रमजान के पवित्र महीने में, बहुत बुरा और चिंता की बात है। इससे सिर्फ फूट और नफरत ही बढ़ेगी। मैं UN और दूसरी ह्यूमन राइट्स एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे इस ताजा जुल्म की पूरी तरह से जांच करें और गुनाहगारों को सजा दें। मैं इस मुश्किल समय में अपने अफगान लोगों के साथ हूं। हम ठीक हो जाएंगे और एक देश के तौर पर आगे बढ़ेंगे। हम हमेशा आगे बढ़ते हैं। इंशाअल्लाह!"
मिडिल ईस्ट में इस समय युद्ध की स्थिति है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग छिड़ी हुई है। इस बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी तनाव बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार 16 मार्च को एक बार फिर से पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बड़ी सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया। तालिबानी प्रवक्ता ने बयान जारी कर इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि काबुल में पाकिस्तानी वायुसेना ने बड़ा हमला किया है। 5 बड़े धमाके काबुल में हुए हैं।
पिछले काफी समय से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। कभी अफगानिस्तान पाकिस्तान पर तो कभी पाकिस्तान अफगानिस्तान पर हमला कर रहा है। इस युद्ध में आम लोगों की जानें जा रही हैं। राशिद खान ने मुद्दा उठाया है कि रमजान के पाक महीने में भी पाकिस्तान इंसानी जान की इतनी अनदेखी कर रहा है।





साइन इन