Naveen Ul Haq No difference between Pakistan and Israel Regime Afghan Cricketer blood boiled at Kabul hospital airstrike पाकिस्तान और इजरायल में कोई अंतर नहीं, आखिर अफगानिस्तानी क्रिकेटर का क्यों खौला खून?, Cricket Hindi News - Hindustan

पाकिस्तान और इजरायल में कोई अंतर नहीं, आखिर अफगानिस्तानी क्रिकेटर का क्यों खौला खून?

Pakistan-Afghanistan War: काबुल अस्पताल पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में तकरीबन 400 लोगों की मौत हो गई। अफगानिस्तान के क्रिकेटर नवीन उल हक ने पाकिस्तानी हमले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

Tue, 17 March 2026 02:56 PMMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share
पाकिस्तान और इजरायल में कोई अंतर नहीं, आखिर अफगानिस्तानी क्रिकेटर का क्यों खौला खून?

अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक का काबुल अस्पताल पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक से खून खौल उठा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाकिस्तान और इजरायल के प्रशासन में कोई अंतर नहीं है। सोमवार रात को अस्पताल पर हवाई हमले में तकरीबन 400 लोगों की मौत हुई। हमला रात 9 बजे हुआ जब लोग रमजान का रोजा खोलने के बाद बाहर निकले थे। अफगानिस्तान की हेल्थ मिनिस्ट्री ने कन्फर्म किया कि एयरस्ट्राइक में अस्पताल बुरी तरह तबाह हो गया। पाकिस्तान ने जिस अस्पताल पर हमला किया, वहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता था।

नवीन ने मंगलवार को फेसबुक पर लिखा, "इजरायल और पाकिस्तान के प्रशासन में कोई अंतर ढूंढना मुश्किल है।" ताजा हमलों ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पहले से ही खराब रिश्तों को और खराब कर दिया है। नवीन अकेले अफगानी क्रिकेटर नहीं, जिन्होंने हमले की आलोचना की। राशिद खान, इब्राहिम जदरान, अजमतुल्लाह उमरज़ई, मोहम्मद नबी समेत अन्य खिलाड़ियों ने भी हमले को लेकर नाराजगी जताई। स्टार लेग स्पिनर राशिद ने पाकिस्तान पर वॉर क्राइम का भी आरोप लगाया।

उन्होंने'एक्स' पर लिखा, "काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की वजह से आम लोगों के मारे जाने की ताजा रिपोर्ट से मैं बहुत दुखी हूं। आम लोगों के घरों, पढ़ाई की जगहों या मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को जानबूझकर या गलती से निशाना बनाना एक वॉर क्राइम है। इंसानी जिदगी की इतनी अनदेखी, खासकर रमजान के पवित्र महीने में बहुत बुरी और चिंता की बात है। इससे सिर्फ फूट और नफरत ही बढ़ेगी। मैं यूएन और अन्य ह्यूमन राइट्स एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे इसकी जांच करें और गुनाहगारों को सजा दें। मैं इस मुश्किल समय में अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं। हम उबर जाएंगे और एक देश के तौर पर आगे बढ़ेंगे। हम हमेशा ऐसा करते हैं। इंशाअल्लाह।"

बता दें कि अफगानिस्तान के सरकारी उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने मंगलवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया। हमले में 400 लोग मारे गए हैं जबकि 250 लोग घायल हुए। पाकिस्तान ने इससे पहले इनकार किया था कि उसने अस्पताल पर हमला किया है। पाकिस्तान ने कहा था कि सोमवार को काबुल में और पूर्वी अफगानिस्तान में हमलों में किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, नवीनतम हमले 26 फरवरी से शुरू किए गए ऑपरेशन 'गजब-लिल-हक' (इंसाफ के लिए गुस्सा) के तहत किए गए हैं।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।